पालघर: निवृत्त कर्मचारियों के लिए 'महा-उपलब्धि' मोबाइल ऐप शुरू, अब पेंशन संबंधी सभी सेवाएं होंगी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध।

पालघर: निवृत्त कर्मचारियों के लिए 'महा-उपलब्धि' मोबाइल ऐप शुरू, अब पेंशन संबंधी सभी सेवाएं होंगी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध।

अखिलेश चौबे 
पालघर। महाराष्ट्र शासन ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा परिवार पेंशनधारकों को पेंशन संबंधी सेवाएं अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए 'महा-उपलब्धि (MAHA-UPLABDHI)' मोबाइल ऐप शुरू किया है। यह ऐप 1 जुलाई 2026 से पूरे राज्य में कार्यान्वित कर दिया गया है। पालघर जिला कोषागार अधिकारी महेश गुंजाळ ने जिले के सभी पेंशनधारकों और परिवार पेंशनधारकों से इस डिजिटल सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र शासन के वित्त विभाग द्वारा 19 जून 2026 को जारी शासन निर्णय के तहत विकसित इस मोबाइल ऐप का उद्देश्य पेंशनधारकों को एक ही डिजिटल मंच पर पेंशन से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे लाभार्थियों को बार-बार कोषागार कार्यालय के चक्कर लगाने की आवश्यकता काफी हद तक समाप्त हो जाएगी।
'महा-उपलब्धि' ऐप के माध्यम से पेंशनधारक मासिक पेंशन का विवरण, महंगाई भत्ते के अंतर की जानकारी, आयकर कटौती प्रमाणपत्र (फॉर्म-16), आय प्रमाणपत्र तथा पेंशन संबंधी शासन के विभिन्न आदेशों की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2024-25 से अधिदान एवं लेखा कार्यालय, मुंबई अथवा कोषागार कार्यालय के माध्यम से भुगतान की गई मासिक एवं वार्षिक पेंशन का विस्तृत विवरण भी देखा जा सकेगा। उपयोगकर्ता इस विवरण को पीडीएफ स्वरूप में डाउनलोड कर सुरक्षित भी रख सकेंगे।
वित्त विभाग के अनुसार, इस ऐप का प्रमुख उद्देश्य सभी पेंशन सेवाओं को एकल डिजिटल मंच (सिंगल डिजिटल प्लेटफॉर्म) पर उपलब्ध कराना, कोषागार एवं अधिदान कार्यालयों में प्रत्यक्ष उपस्थिति की आवश्यकता कम करना, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ता अनुकूल डिजिटल सेवाएं प्रदान करना तथा पेंशन से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर उपलब्ध कराना है।
जिला कोषागार अधिकारी महेश गुंजाळ ने बताया कि ऐप के उपयोग संबंधी विस्तृत जानकारी भी इसमें उपलब्ध कराई गई है। यदि किसी पेंशनधारक को ऐप के उपयोग में किसी प्रकार की कठिनाई आती है तो जिला कोषागार कार्यालय, पालघर में सहायता कक्ष भी स्थापित किया गया है, जहां आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं परिवार पेंशनधारकों से अपील की कि वे शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई इस आधुनिक डिजिटल सुविधा का नियमित उपयोग करें और पेंशन संबंधी सेवाओं का लाभ घर बैठे प्राप्त करें। अपर कोषागार अधिकारी (पेंशन) दीपक खानविलकर ने भी सभी पात्र लाभार्थियों से 'महा-उपलब्धि' ऐप का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।