पालघर: मूसलाधार बारिश से पश्चिम रेलवे की रफ्तार थमी, नालासोपारा-पालघर में जलभराव के कारण लोकल ट्रेनें 30 मिनट तक विलंबित।पटरियों पर बढ़े जलस्तर के चलते रेलवे ने लागू किए सुरक्षा प्रोटोकॉल, चर्चगेट से वसई रोड तक सेवा सामान्य, विरार-दहानू मार्ग पर धीमी गति से चल रहीं ट्रेनें।

पालघर: मूसलाधार बारिश से पश्चिम रेलवे की रफ्तार थमी, नालासोपारा-पालघर में जलभराव के कारण लोकल ट्रेनें 30 मिनट तक विलंबित।
पटरियों पर बढ़े जलस्तर के चलते रेलवे ने लागू किए सुरक्षा प्रोटोकॉल, चर्चगेट से वसई रोड तक सेवा सामान्य, विरार-दहानू मार्ग पर धीमी गति से चल रहीं ट्रेनें।

अखिलेश चौबे 
पालघर। मुंबई महानगर तथा उसके आसपास के उपनगरीय क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार मानसूनी वर्षा का असर अब पश्चिम रेलवे की उपनगरीय लोकल रेल सेवा पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। पालघर और नालासोपारा क्षेत्र में रेलवे पटरियों पर भारी जलभराव होने के कारण चर्चगेट से विरार तथा दहानू रोड के बीच संचालित होने वाली लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से लगभग 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) विनीत अभिषेक ने बुधवार 8 जुलाई 2026 को बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेवाओं का संचालन जारी रखने का हरसंभव प्रयास कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मार्ग पर लोकल ट्रेन सेवा पूरी तरह बंद नहीं की गई है।
सीपीआरओ विनीत अभिषेक के अनुसार चर्चगेट से वसई रोड तक लोकल ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से जारी है। वहीं वसई रोड से विरार तथा विरार से दहानू रोड के बीच ट्रेनों का परिचालन सावधानीपूर्वक और अनियमित अंतराल पर किया जा रहा है। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण पालघर, नालासोपारा, वसई रोड और विरार के बीच कई स्थानों पर पटरियों पर जलभराव हो गया है, जिसके चलते ट्रेनों की गति काफी कम कर दी गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन से चार दिनों में हुई रिकॉर्ड वर्षा के कारण कई स्थानों पर पटरियों पर पानी का स्तर निर्धारित सुरक्षा सीमा के करीब पहुंच गया है। ऐसी स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे द्वारा निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं। जलभराव वाले क्षेत्रों में ट्रेनों को अत्यंत धीमी गति से चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी अथवा दुर्घटना की संभावना को टाला जा सके।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेनों की अद्यतन जानकारी प्राप्त कर लें तथा अनावश्यक भीड़ से बचें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि जैसे ही पटरियों पर जलस्तर सामान्य होगा, लोकल रेल सेवाओं का संचालन भी पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा।
लगातार हो रही वर्षा के बीच पश्चिम रेलवे की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और पटरियों से पानी निकालने सहित अन्य आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द सामान्य रेल सेवा उपलब्ध कराई जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।