पालघर: रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर ने जनसेवा के संकल्प के साथ किया रीगल वर्ष 2026–27 का शुभारंभ
पालघर: रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर ने जनसेवा के संकल्प के साथ किया रीगल वर्ष 2026–27 का शुभारंभ।
अखिलेश चौबे
पालघर। रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर ने रीगल वर्ष 2026–27 की शुरुआत समाजहित एवं जनकल्याण को समर्पित विभिन्न सेवा परियोजनाओं के साथ की है। नव-निर्वाचित अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध दंत चिकित्सक डॉ. प्रवीण वैश्य के नेतृत्व में क्लब ने स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रमों का सफल शुभारंभ करते हुए समाजसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सशक्त रूप से प्रदर्शित किया है।
रीगल वर्ष के प्रथम दिन 1 जुलाई को आयोजित मेगा रक्तदान शिविर में 97 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। यह रक्त पालघर स्थित महाराष्ट्र ब्लड सेंटर के माध्यम से रोटरी थैलेसीमिया वार्ड में उपचाररत बच्चों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। क्लब के इस मानवीय प्रयास से थैलेसीमिया से पीड़ित अनेक बच्चों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान का संचालन क्लब के सचिव रेखेश जैन तथा यूथ डायरेक्टर एवं पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. पराग कुलकर्णी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
अभियान की शुरुआत 16 जुलाई को यू.एस. ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी, बोईसर से की गई। इस अभियान में जिले के आठ विद्यालयों के इंटरैक्ट क्लबों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। अभियान का उद्देश्य अधिकाधिक वृक्षारोपण के साथ-साथ नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है।
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में क्लब ने 14 जुलाई को प्रधानमंत्री निक्षय पोषण योजना के अंतर्गत टीबी मरीजों के लिए पोषण सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। टीबी स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 33 टीबी मरीजों को पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में टीबी स्वास्थ्य अधिकारी विश्वास राउत के साथ रोटरी क्लब के पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. पराग कुलकर्णी, राम नारायण गोयल तथा विनायक पदमवार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पास्ट प्रेसिडेंट संदीप राऊत, वैशाली शिंदे, स्वामीनाथ पाण्डेय, विलास शाहपुरे, एस. नागराजन, रो. मुकेश भाटिया सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
इसी दिन आयोजित रीगल वर्ष 2026–27 की प्रथम क्लब बैठक में अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य ने वर्षभर संचालित किए जाने वाले विभिन्न सेवा कार्यों की घोषणा की। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल कल्याण, युवा विकास, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, कौशल विकास तथा अन्य जनहितकारी परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ संचालित किया जाएगा।
उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों से सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि रोटरी की सेवाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना ही क्लब का मुख्य उद्देश्य है।
रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर द्वारा रीगल वर्ष की यह प्रभावशाली शुरुआत सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति उसकी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। क्लब ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्षभर संचालित होने वाली विभिन्न जनकल्याणकारी परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ-साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन को नई दिशा और नई आशा प्रदान करेंगी।
Comments
Post a Comment