पालघर: बाढ़ प्रभावित वानगांव क्षेत्र में हरिदया फाउंडेशन बना जरूरतमंदों का सहारा।
पालघर: बाढ़ प्रभावित वानगांव क्षेत्र में हरिदया फाउंडेशन बना जरूरतमंदों का सहारा।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में हाल ही में हुई मूसलाधार वर्षा के कारण अनेक क्षेत्रों में बाढ़ जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। विशेष रूप से डहाणू तहसील के वानगांव क्षेत्र में भारी वर्षा के चलते कई ग्रामीण बस्तियां जलमग्न हो गईं। बाढ़ के कारण अनेक परिवारों के घरों में पानी भर गया, जिससे घरेलू उपयोग की सामग्री, खाद्यान्न तथा बच्चों की शैक्षणिक सामग्री नष्ट हो गई। ऐसे कठिन समय में हरिदया फाउंडेशन (पंजीकृत) ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए तत्काल राहत अभियान प्रारंभ किया।
राहत अभियान के अंतर्गत वानगांव ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले वाकीपाड़ा गांव में संस्था द्वारा 57 जरूरतमंद परिवारों को राशन किट वितरित किए गए। इसके साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों को वस्त्र भी उपलब्ध कराए गए, जिससे उन्हें दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायता मिल सके।
संस्था ने केवल राहत सामग्री तक ही अपनी सेवा सीमित नहीं रखी, बल्कि बाढ़ से प्रभावित बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए उन्हें कॉपी, पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी वितरित की। बच्चों को नियमित रूप से अध्ययन जारी रखने, शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने तथा कठिन परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से उन्हें बिस्किट एवं चॉकलेट भी वितरित किए गए।
इस दौरान ग्रामीणों को सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की अपील भी की गई। संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और नशामुक्त जीवन अत्यंत आवश्यक है।
हरिदया फाउंडेशन द्वारा वानगांव ग्राम पंचायत के अंतर्गत स्थित ओहोलपाड़ा में भी राहत अभियान चलाया गया, जहां ग्रामीणों को वस्त्र तथा विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने का प्रयास किया गया।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में वानगांव ग्राम पंचायत सदस्य संदीप वाघात ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में वानगांव ग्राम पंचायत की सरपंच सुनीता भाँवर, ग्रामसेवक पिंपले तथा कर्मचारी सुबोध, मराठे, अतुल एवं अल्पेश ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
हरिदया फाउंडेशन के समर्पित कार्यकर्ताओं विजय पाटिल, रवींद्र, तितर मुखिया तथा शिवाजी ने दिन-रात मेहनत कर राहत सामग्री को प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके अथक प्रयासों से राहत अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
हरिदया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश हरिनाथ यादव ने कहा कि संस्था समाज के जरूरतमंद एवं आपदा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और भविष्य में भी संस्था इसी भावना के साथ समाजहित में कार्य करती रहेगी।
Comments
Post a Comment