पालघर: घर-घर पहुंचकर करें मतदाता सत्यापन, नियमों की अनदेखी करने वाले बीएलओ पर होगी शिकायत: भाजपा प्रदेश सचिव संतोष आनंदी शिवराम जनाठे।
पालघर: घर-घर पहुंचकर करें मतदाता सत्यापन, नियमों की अनदेखी करने वाले बीएलओ पर होगी शिकायत: भाजपा प्रदेश सचिव संतोष आनंदी शिवराम जनाठे।
अखिलेश चौबे
पालघर। भारतीय जनता पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश सचिव संतोष आनंदी शिवराम जनाठे ने मतदाता सत्यापन (वोटर वेरिफिकेशन/मैपिंग) अभियान को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि निर्वाचन आयोग एवं शासन के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को अपने क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता के घर जाकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे अनेक पात्र मतदाता सत्यापन प्रक्रिया से वंचित रह सकते हैं।
शनिवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में संतोष आनंदी शिवराम जनाठे ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार प्रत्येक बीएलओ को अपने बूथ क्षेत्र के प्रत्येक मतदाता के घर कम से कम तीन बार जाना अनिवार्य है। इस कार्य में आवश्यकता पड़ने पर बीएलए-2 की सहायता लेने के भी निर्देश दिए गए हैं। इन सभी प्रक्रियाओं का पालन करने के बाद ही मतदाता सत्यापन (मैपिंग) का कार्य पूर्ण माना जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों से यह शिकायतें सामने आ रही हैं कि कुछ बीएलओ मतदाताओं को उनके घरों पर जाने के बजाय विद्यालयों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर बुलाकर सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि सभी मतदाता ऐसे स्थानों पर उपस्थित नहीं हो सकते, जिसके कारण अनेक पात्र नागरिकों का सत्यापन अधूरा रह जाने की आशंका बनी रहती है।
भाजपा प्रदेश सचिव ने कहा कि यदि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन नहीं करेंगे, तो बड़ी संख्या में योग्य मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित रह सकते हैं, जिसका प्रभाव भविष्य में उनके मतदान के अधिकार पर भी पड़ सकता है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए प्रत्येक मतदाता के घर जाकर सत्यापन कार्य करना चाहिए।
संतोष आनंदी शिवराम जनाठे ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकारी नियमों की अनदेखी कर मतदाताओं को सत्यापन प्रक्रिया से वंचित रखा गया, तो संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष इसकी शिकायत की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में एक पत्र जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी तथा तहसीलदार को भी भेजा गया है, ताकि मतदाता सत्यापन अभियान निर्धारित नियमों के अनुरूप पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित हो सके।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में बीएलओ मतदाता सत्यापन के लिए घर-घर नहीं पहुंच रहे हैं अथवा प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई देती है, तो इसकी जानकारी तत्काल संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके और कोई भी पात्र मतदाता अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित न रहे।
Comments
Post a Comment