मुंबई: ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ मॉडल अब पूरे महाराष्ट्र में होगा लागू, सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में बनेगी नशामुक्ति मार्गदर्शन एवं परामर्श समिति।
मुंबई: ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ मॉडल अब पूरे महाराष्ट्र में होगा लागू, सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में बनेगी नशामुक्ति मार्गदर्शन एवं परामर्श समिति।
अखिलेश चौबे
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान के मॉडल को पूरे राज्य में लागू करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत मुंबई सहित महाराष्ट्र के सभी स्कूलों और महाविद्यालयों में ‘नशामुक्ति मार्गदर्शन एवं परामर्श समिति’ का गठन किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, समय रहते जोखिमग्रस्त छात्रों की पहचान करना तथा उन्हें आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।
नशामुक्ति जनजागरण अभियान की उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष एवं महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में मादक पदार्थों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान को महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके निवेदन पर मुख्यमंत्री द्वारा यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने बताया कि प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय में गठित होने वाली नशामुक्ति मार्गदर्शन एवं परामर्श समिति विद्यार्थियों के बीच नशे के दुष्परिणामों के संबंध में निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों के व्यवहार में आने वाले परिवर्तनों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विशेषज्ञों के पास भी मार्गदर्शन के लिए भेजा जाएगा। समितियां अभिभावकों एवं शिक्षकों के बीच समन्वय स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक भारत को मादक पदार्थों से मुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी उद्देश्य की पूर्ति के लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से मादक पदार्थों के विरुद्ध रोकथाम, जनजागरूकता तथा प्रभावी कार्रवाई की विशेष मुहिम संचालित की जा रही है। महाराष्ट्र सरकार भी इसी दिशा में राज्यभर में नशामुक्ति अभियान को और अधिक सशक्त बनाने के लिए अनेक कदम उठा रही है।
मंत्री ने जानकारी दी कि 30 जुलाई को मुंबई के वर्ली डोम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों ‘ड्रग्स फ्री मुंबई’ अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केवल उद्घाटन समारोह नहीं, बल्कि वर्षभर चलने वाला व्यापक जनआंदोलन होगा। इस अभियान में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, स्वयंसेवी संस्थाएं, मनोचिकित्सक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय छात्र सेना (एनसीसी) तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत पूरे वर्ष विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशामुक्ति विषयक जनजागरूकता कार्यक्रम, मार्गदर्शन सत्र, परामर्श शिविर, संवादात्मक गतिविधियां तथा विभिन्न जनहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर रखकर स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।
अंत में कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा सभी नागरिकों से नशामुक्त महाराष्ट्र के निर्माण के इस जनआंदोलन में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
Comments
Post a Comment