पालघर: बोईसर पुलिस ने बार में चोरी का किया पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार, विधि संघर्षग्रस्त बालक को अभिरक्षा में लेकर तीन वारदातों का खुलासा।
पालघर: बोईसर पुलिस ने बार में चोरी का किया पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार, विधि संघर्षग्रस्त बालक को अभिरक्षा में लेकर तीन वारदातों का खुलासा।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले की बोईसर पुलिस ने बार में हुई चोरी की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का माल तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। जांच के दौरान बोईसर और केळवा पुलिस थाना क्षेत्र में हुई तीन चोरी की वारदातों का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को न्यू हेवन टाटा हाउसिंग, बोईसर निवासी राजेंद्र इंद्रबहादुर यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके स्वामित्व वाले प्रिंस बार एंड रेस्टोरेंट का मुख्य लोहे का ताला अज्ञात चोरों ने किसी धारदार औजार से तोड़ दिया। इसके बाद शटर उठाकर बार के भीतर प्रवेश कर 20 हजार रुपये नकद तथा 3,415 रुपये मूल्य की शराब की बोतलें चोरी कर लीं। इस प्रकार कुल 23,415 रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी होने पर 11 जुलाई 2026 को बोईसर पुलिस थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305, 331(4) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होते ही पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में बोईसर पुलिस की विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान रोहित जोखनप्रसाद विश्वकर्मा (18 वर्ष 6 माह) निवासी राइस मिल, वाघरी चाल, टेंभोडे, पालघर पश्चिम तथा एक 17 वर्षीय विधि संघर्षग्रस्त बालक की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने रोहित जोखनप्रसाद विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया तथा विधि संघर्षग्रस्त बालक को अभिरक्षा में लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने उक्त चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों ने बोईसर तथा केळवा पुलिस थाना क्षेत्र में भी इसी प्रकार की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इस संबंध में बोईसर पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 271/2026 तथा केळवा पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 38/2026 भी दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीनों मामलों से संबंधित कुल 35,945 रुपये मूल्य का चोरी का माल तथा वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस उपनिरीक्षक आत्माराम बोरसे कर रहे हैं।
इस कार्रवाई को पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा बोईसर विभाग के उपविभागीय पुलिस अधिकारी दिनेश बैसाने के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक सुनील जाधव, परिवीक्षाधीन पुलिस उपनिरीक्षक ऋषिकेश मुठे, सहायक फौजदार आत्माराम बोरसे, पुलिस हवलदार विजय दुबळा, पुलिस हवलदार चौधरी, पुलिस नायक योगेश गावित, पुलिस अमलदार गणेश व्हसकोटी, मयूर पाटील, देवेंद्र पाटील, धीरज साळुंखे, मच्छिंद्र घुगे, शुभम सपकाळे, सचिन सोनावणे, किरण वाघ तथा रोहित पाटील सहित बोईसर पुलिस थाना की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
बोईसर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं का खुलासा होने के साथ ही पुलिस को अपराध नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
Comments
Post a Comment