पालघर: विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही करने वाले बीएलओ पर होगी कार्रवाई: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी।
पालघर: विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही करने वाले बीएलओ पर होगी कार्रवाई: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी।
अखिलेश चौबे
पालघर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पालघर जिले में 30 जून 2026 से विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत मतदाताओं से प्रगणक प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म-ईएफ) भरवाने का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, टालमटोल या नियमों के उल्लंघन पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के विरुद्ध भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पालघर द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अब तक जिले में ईएफ फॉर्म वितरण का कार्य 27.65 प्रतिशत पूरा हो चुका है। विधानसभा क्षेत्रवार प्रगति के अनुसार डहाणू में 39 प्रतिशत, विक्रमगढ़ में 88 प्रतिशत, पालघर में 61 प्रतिशत, बोईसर में 8 प्रतिशत, नालासोपारा में 2 प्रतिशत तथा वसई में 7 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है।
प्रशासन ने बताया कि पिछले 8 से 10 दिनों के दौरान जिले के अधिकांश हिस्सों में हुई भारी वर्षा तथा वसई, विरार, नालासोपारा और बोईसर सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति के कारण इन विधानसभा क्षेत्रों में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान अपेक्षित गति से नहीं चल सका।
जिला प्रशासन के संज्ञान में यह शिकायतें भी आई हैं कि कुछ स्थानों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) द्वारा मतदाताओं के घर-घर जाकर फॉर्म भरवाने के बजाय विद्यालयों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर शिविर आयोजित कर आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ मामलों में विभिन्न व्यक्तियों अथवा राजनीतिक प्रतिनिधियों के निर्देशों के अनुसार कार्य किए जाने की भी शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी मतदाता पंजीकरण अधिकारियों, सहायक मतदाता पंजीकरण अधिकारियों, पर्यवेक्षकों तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए हैं कि विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान का प्रत्येक कार्य केवल भारत निर्वाचन आयोग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों, नियमों और आदेशों के अनुरूप ही किया जाए।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी राजनीतिक दल द्वारा आयोजित शिविर, किसी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी अथवा अन्य किसी व्यक्ति के निर्देश, दबाव या प्रभाव में आकर कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा। सभी बीएलओ को आयोग के निर्देशानुसार घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करना, ईएफ फॉर्म वितरित करना, भरे हुए फॉर्म प्राप्त करना, सत्यापन एवं मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि किसी बीएलओ द्वारा कार्य में टालमटोल, लापरवाही, कामचोरी या अनावश्यक विलंब किया जाता है, तो उसके विरुद्ध भारत निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अंत में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, पालघर ने सभी नागरिकों, राजनीतिक दलों तथा बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) से विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की अपील की है।
Comments
Post a Comment