पालघर: जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 47.93 लाख रुपये का प्रतिबंधित पान मसाला एवं आयशर टेम्पो जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार।
पालघर: जिला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 47.93 लाख रुपये का प्रतिबंधित पान मसाला एवं आयशर टेम्पो जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार।
अखिलेश चौबे
पालघर। गुजरात से मुंबई ले जाया जा रहा था प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद, आलू की बोरियों के पीछे छिपाकर की जा रही थी तस्करी, तलासरी पुलिस एवं स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई।
पालघर। पालघर जिले में अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा एवं तलासरी पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला एवं तंबाकू उत्पाद की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लगभग 47 लाख 93 हजार 796 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित पान मसाला तथा एक आयशर टेम्पो जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को प्रातः लगभग 5 बजे स्थानीय अपराध शाखा के पुलिसकर्मी तलासरी थाना क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आयशर टेम्पो क्रमांक MH-04-LY-5891 में महाराष्ट्र में प्रतिबंधित केसरयुक्त पान मसाला भरकर गुजरात से मुंबई की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय अपराध शाखा, पालघर एवं तलासरी पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली।
जांच के दौरान टेम्पो में सबसे आगे आलू की बोरियां रखी हुई थीं। पुलिस ने जब बोरियों के पीछे तलाशी ली तो वहां से महाराष्ट्र में प्रतिबंधित केसरयुक्त पान मसाला एवं अन्य तंबाकू उत्पाद बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 27 लाख 93 हजार 796 रुपये आंकी गई।
पुलिस ने मौके से टेम्पो चालक संजयकुमार रजवंता केवट (42 वर्ष) निवासी पद्मानगर, भिवंडी, जिला ठाणे तथा उसके साथ मौजूद मोहम्मद इशराक अहमद मोहम्मद शमीम अंसारी (28 वर्ष) निवासी निजामपुरा, भिवंडी, जिला ठाणे (मूल निवासी जिला प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश) को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 27 लाख 93 हजार 796 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित पान मसाला एवं तंबाकू उत्पाद तथा लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का आयशर टेम्पो जब्त किया। इस प्रकार कुल 47 लाख 93 हजार 796 रुपये मूल्य का माल पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध तलासरी पुलिस थाना में अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की विभिन्न धाराओं एवं महाराष्ट्र राज्य के खाद्य सुरक्षा आयुक्त की अधिसूचना के अनुसार मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक अमोल चिंधे कर रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा दहानू विभाग की उपविभागीय पुलिस अधिकारी निशा जाधव के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में स्थानीय अपराध शाखा, पालघर के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटील, तलासरी पुलिस थाना के प्रभारी अधिकारी अजय गोरड, स्थानीय अपराध शाखा के राहुल क्षत्रिय एवं विशाल लोहार, तथा तलासरी पुलिस थाना के पुलिस उपनिरीक्षक अमोल चिंधे, संदीप चौधरी, सचिन आव्हाड और परशुराम घाटाळ सहित पुलिस दल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पालघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध तंबाकू उत्पादों, प्रतिबंधित पान मसाला तथा अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
Comments
Post a Comment