पालघर: वन अप टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड में करंट लगने से श्रमिक की मौत, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप; परिजनों ने की कार्रवाई की मांग।
पालघर: वन अप टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड में करंट लगने से श्रमिक की मौत, प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप; परिजनों ने की कार्रवाई की मांग।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के तारापुर एमआईडीसी स्थित वन अप टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड (प्लॉट क्रमांक एल-37) में गुरुवार सुबह कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवा श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान तुषार सुरेश करणे के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सातारा जिले के खटाव गांव का निवासी था और पिछले लगभग पांच वर्षों से उक्त कंपनी में कार्यरत था। इस घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक के साथ-साथ श्रमिकों में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को सुबह करीब 9:45 बजे तुषार सुरेश करणे फैक्ट्री में अपने नियमित कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान उन्हें बिजली का तेज झटका लगा, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में श्रमिक एकत्र हो गए।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद फैक्ट्री के मालिक संजय कामदार तथा प्रबंधन ने अपेक्षित सहयोग नहीं किया। उनका कहना है कि घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी प्रबंधन की ओर से न तो शोकाकुल परिवार से मुलाकात की गई और न ही उन्हें सांत्वना देने का प्रयास किया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि उचित मुआवजे को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलने के कारण उन्होंने मृतक का शव स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
मृतक की पत्नी ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति की मृत्यु के लिए जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बोईसर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी को शिकायत देकर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज करने की मांग की है।
घटना के बाद श्रमिकों में भी भारी नाराजगी देखी गई। उनका कहना है कि यदि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का प्रभावी ढंग से पालन किया जाता, तो इस प्रकार की दुर्घटना टाली जा सकती थी। श्रमिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए तारापुर सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच बोईसर पुलिस कर रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की शिकायत, उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
समाचार लिखे जाने तक फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर तारापुर एमआईडीसी में औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
Comments
Post a Comment