पालघर: तलासरी में 29 जुलाई को आयोजित होगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार मेला।दसवीं से स्नातक एवं आईटीआई-डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर, अधिक से अधिक अभ्यर्थियों से भागीदारी की अपील।
पालघर: तलासरी में 29 जुलाई को आयोजित होगा पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार मेला।
दसवीं से स्नातक एवं आईटीआई-डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर, अधिक से अधिक अभ्यर्थियों से भागीदारी की अपील।
अखिलेश चौबे
पालघर। महाराष्ट्र शासन के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्यभर में वर्ष 2026-27 के दौरान 1,000 रोजगार मेले एवं प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह पहल राज्य के कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा की संकल्पना के अनुरूप संचालित की जा रही है। इसी क्रम में पालघर जिले में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 22 रोजगार मेले एवं प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाने की योजना बनाई गई है।
इसी अभियान के तहत जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र, पालघर, मॉडल करियर सेंटर तथा कॉमरेड गोदावरी शामराव परुळेकर कॉलेज ऑफ आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस, तलासरी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 29 जुलाई 2026 को एक विशाल पंडित दीनदयाल उपाध्याय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला कॉमरेड गोदावरी शामराव परुळेकर कॉलेज ऑफ आर्ट्स, कॉमर्स एंड साइंस, तलासरी, जिला पालघर में प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक आयोजित होगा।
रोजगार मेले में दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा तथा स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार एवं नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र ने जिले के अधिक से अधिक युवाओं से इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में भाग लेने से पूर्व महाराष्ट्र शासन के महास्वयम (महास्वयम्) पोर्टल पर अपना पंजीकरण करना होगा। जिन उम्मीदवारों ने अभी तक पंजीकरण नहीं कराया है, उन्हें पहले अपना पंजीकरण कर लॉगिन करना होगा। इसके बाद डैशबोर्ड में उपलब्ध 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय जॉब फेयर' विकल्प का चयन कर पालघर जिला तथा रोजगार मेला (2026-27), पालघर का चयन करना होगा। अभ्यर्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार उपलब्ध रिक्त पदों का चयन कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा की कम से कम पांच प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण कार्ड, बैंक खाते का विवरण, तथा शैक्षणिक एवं व्यावसायिक योग्यता से संबंधित सभी आवश्यक प्रमाण-पत्रों की प्रतियां लेकर उपस्थित होने का आग्रह किया गया है, ताकि वे विभिन्न कंपनियों द्वारा आयोजित प्रत्यक्ष साक्षात्कार में भाग ले सकें।
जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र ने बताया कि रोजगार मेले से संबंधित विस्तृत जानकारी महास्वयम पोर्टल पर उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी अधिक जानकारी के लिए जिला कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 02525-299812 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
जिला कौशल विकास, रोजगार एवं उद्यमिता मार्गदर्शन केंद्र, पालघर की सहायक आयुक्त रेणुका तम्मलवार ने जिले के सभी पात्र युवाओं से रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि यह रोजगार प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा कि योग्य अभ्यर्थी समय पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस रोजगार मेले का अधिकतम लाभ उठाएं।
Comments
Post a Comment