पालघर: बाढ़ आपदा में युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल, झांझरोली बांध के पाटील पाड़ा में 250 परिवारों और पुलिसकर्मियों के लिए स्वयं बनाया भोजन।
पालघर: बाढ़ आपदा में युवाओं ने पेश की मानवता की मिसाल, झांझरोली बांध के पाटील पाड़ा में 250 परिवारों और पुलिसकर्मियों के लिए स्वयं बनाया भोजन।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति के बीच जहां एक ओर आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ, वहीं दूसरी ओर जिले के युवाओं ने सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया, जिसकी पूरे जिले में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, झांझरोली बांध क्षेत्र में उत्पन्न गंभीर परिस्थितियों के कारण वहां के नागरिकों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पाटील पाड़ा स्थित विद्यालय में ठहराया गया। इस दौरान प्रारंभिक समय में सरकारी सहायता नहीं पहुंच पाई थी। ऐसे कठिन समय में 'एकता ग्रुप' के नाम से कार्यरत स्थानीय युवाओं ने आगे आकर राहत कार्य की जिम्मेदारी संभाली।
बताया गया कि इन युवाओं ने लगातार दो दिनों तक लगभग 250 प्रभावित परिवारों के लिए स्वयं भोजन तैयार कर उन्हें उपलब्ध कराया। इतना ही नहीं, राहत एवं बचाव कार्य में जुटे पुलिसकर्मियों के लिए भी अपने हाथों से भोजन बनाकर उनकी सेवा की। युवाओं की इस निस्वार्थ सेवा भावना को क्षेत्र में मानवता और सामाजिक एकजुटता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।
इसी दौरान शिवसेना की ओर से भी राहत कार्य के लिए प्रतिनिधि मंडल झांझरोली बांध के निकट पाटील पाड़ा पहुंचा। वहां मौजूद युवाओं द्वारा किए जा रहे सेवा कार्य को देखकर शिवसेना पदाधिकारियों ने उनकी खुले मन से सराहना की।
शिवसेना की ओर से कहा गया कि आज के समय में अक्सर युवा पीढ़ी पर केवल मनोरंजन, घूमने-फिरने या अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहने के आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन पालघर की इस आपदा ने यह साबित कर दिया कि जिले का युवा वर्ग सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने में भी किसी से पीछे नहीं है। संकट की इस घड़ी में युवाओं ने जिस एकजुटता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है, वह पूरे पालघर जिले के लिए गर्व का विषय है।
शिवसेना की ओर से 'एकता ग्रुप' के सभी युवा सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही कहा गया कि आपदा के समय समाज के लिए आगे आकर सेवा करना ही सच्ची मानवता है और ऐसे युवाओं से अन्य लोगों को भी प्रेरणा लेनी चाहिए।
Comments
Post a Comment