पालघर: दीप ग्लोबल स्कूल में इंटरेक्ट क्लब का पुनर्गठन समारोह संपन्न, नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संभाला दायित्व, 25 पौधों का किया गया वृक्षारोपण।

पालघर: दीप ग्लोबल स्कूल में इंटरेक्ट क्लब का पुनर्गठन समारोह संपन्न, नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने संभाला दायित्व, 25 पौधों का किया गया वृक्षारोपण।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले की औद्योगिक नगरी बोईसर स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था दीप ग्लोबल स्कूल, सरावली में बुधवार को दीप कैंपस की चेयरपर्सन डॉ. दीपा संखे के संरक्षण एवं प्राचार्या वृंदा कुलकर्णी के मार्गदर्शन में इंटरेक्ट क्लब पुनर्गठन समारोह गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के दौरान नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने विधिवत अपने दायित्व ग्रहण किए तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य, तत्कालीन अध्यक्ष राम नारायण गोयल, पूर्व अध्यक्ष एवं यूथ सर्विस डायरेक्टर डॉ. पराग कुलकर्णी, पूर्व अध्यक्ष रमेश मित्तल तथा क्लब समन्वयक डायटीशियन रत्ना सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

इंटरेक्ट क्लब का कार्यकाल एक वर्ष का होता है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ष अध्यक्ष, सचिव एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का निर्वाचन किया जाता है। इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष कुमारी सोमेश चौरसिया एवं सचिव माही सरोज ने अपनी जिम्मेदारियां औपचारिक रूप से नव-निर्वाचित अध्यक्ष कुमारी सिमरन पाधि तथा सचिव अनुष्का पिलगर को सौंप दीं।

रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष कुमारी सिमरन पाधि एवं सचिव अनुष्का पिलगर को रोटरी पिन पहनाकर पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इंटरेक्ट क्लब विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का एक सशक्त मंच है, जो उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराता है।
वहीं यूथ सर्विस डायरेक्टर डॉ. पराग कुलकर्णी ने विद्यार्थियों को रोटरी संगठन द्वारा उपलब्ध नेतृत्व विकास, सेवा गतिविधियों एवं व्यक्तित्व निर्माण के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजोपयोगी कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा सेवा को जीवन का महत्वपूर्ण उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।

समारोह के समापन पर प्राचार्या वृंदा कुलकर्णी ने सभी अतिथियों, रोटरी क्लब के पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा नवगठित इंटरेक्ट क्लब टीम को सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इसके उपरांत विद्यालय परिसर में इंटरेक्ट क्लब के सदस्यों एवं अतिथियों ने विभिन्न प्रजातियों के 25 पौधों का सामूहिक रूप से रोपण किया। इस अवसर पर सभी ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संपूर्ण समन्वय विद्यालय की इंटरेक्ट क्लब समन्वयक स्मिता मालेकर तथा रोटरी क्लब की इंटरेक्ट समन्वयक डायटीशियन रत्ना सिंह के अथक प्रयासों से संपन्न हुआ। समारोह की सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायी प्रस्तुति की उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।