पालघर: जिले में घायल नवजात बछड़े को बचाने के लिए 24 घंटे चला रेस्क्यू, राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रयासों की सराहना।

पालघर: जिले में घायल नवजात बछड़े को बचाने के लिए 24 घंटे चला रेस्क्यू, राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रयासों की सराहना।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के दांडी ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने एक मैजिक वाहन की चपेट में आने से चार दिन का एक नवजात बछड़ा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन चालक दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के गौ रक्षकों ने तत्काल राहत एवं उपचार अभियान शुरू किया और लगातार प्रयास कर बछड़े को उपचार उपलब्ध कराया।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही गौ रक्षक राहुल हैमबीर और उनकी टीम मौके पर पहुंची। दांडी के गौ रक्षकों ने इसकी जानकारी संगठन के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण बेदाडे तथा पालघर तहसील गौ रक्षा प्रमुख शुभम सिंह को दी। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने घायल बछड़े के उपचार की व्यवस्था में जुट गए।
सबसे पहले तारापुर के सरकारी पशु चिकित्सक को बुलाकर बछड़े का प्राथमिक उपचार कराया गया। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर अगले दिन उसे बोईसर के सरकारी पशु चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से भी बेहतर उपचार के लिए चिकित्सकों ने उसे जिला पशु चिकित्सालय, पालघर रेफर कर दिया। जिला पशु चिकित्सालय में चिकित्सकों की टीम ने बछड़े का एक्स-रे कर आवश्यक जांच की और गंभीर चोटों का उपचार शुरू किया।
उपचार के बाद बछड़े को सुरक्षित रूप से एक गौशाला में रखा गया है, जहां उसकी नियमित देखभाल और दवाइयां दी जा रही हैं। संगठन का कहना है कि बछड़े की स्थिति पहले की तुलना में बेहतर है और उसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
इस पूरे राहत अभियान में राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के महाराष्ट्र प्रदेश संगठन मंत्री रोहित सिंह, गौ रक्षक कमलेश गड़वी, गौ रक्षक रवि सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
घटना पर दुख व्यक्त करते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने वाहन चालकों से सड़क पर अधिक सतर्कता बरतने की अपील की। उनका कहना है कि सड़क पर किसी भी जीव-जंतु के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी दिखाना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
घायल नवजात बछड़े के उपचार के लिए राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ द्वारा किए गए लगातार प्रयासों की पालघर जिले में विभिन्न स्तरों पर सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी इस सेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए इसे जीवों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण बताया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।