पालघर: ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान ऋणमुक्ति योजना-2026’ से 105.10 करोड़ रुपये के कृषि ऋण होंगे माफ, 5,394 किसानों ने पूरा किया आधार प्रमाणीकरण।

पालघर: ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान ऋणमुक्ति योजना-2026’ से 105.10 करोड़ रुपये के कृषि ऋण होंगे माफ, 5,394 किसानों ने पूरा किया आधार प्रमाणीकरण।

अखिलेश चौबे 
पालघर। महाराष्ट्र शासन की महत्वाकांक्षी ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान ऋणमुक्ति योजना-2026’ के अंतर्गत पालघर जिले के हजारों किसानों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। योजना के तहत जिले के पात्र किसानों का लगभग 105 करोड़ 10 लाख 70 हजार रुपये का कृषि ऋण माफ किया जाएगा। 29 जुलाई तक जिले के 5,394 किसानों ने आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली है, जबकि 5,090 किसानों का आधार प्रमाणीकरण अभी शेष है। जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने सभी पात्र किसानों से जल्द से जल्द आधार प्रमाणीकरण पूरा कर शासन की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
यह जानकारी जिलाधिकारी कार्यालय, पालघर में आयोजित पत्रकार परिषद में दी गई। इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी पी. वी. अमल, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे तथा जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था) किशन रत्नाळे भी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने बताया कि राज्य सरकार ने 2 जून 2026 को शासन निर्णय जारी कर इस योजना की घोषणा की थी। योजना में कर्जमाफी, एकमुश्त समझौता योजना (ओटीएस) तथा प्रोत्साहन अनुदान जैसे तीन प्रमुख घटकों को शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ किया जाएगा। इसके लिए 1 अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2025 के बीच वितरित फसल ऋण, पुनर्गठित तथा पुनर्पुनर्गठित फसल ऋण पात्र होंगे। 30 सितंबर 2025 तक बकाया तथा 31 मार्च 2026 तक वापस न किए गए पात्र कृषि ऋणों में अधिकतम दो लाख रुपये तक की राशि माफ की जाएगी।
दो लाख रुपये से अधिक बकाया रखने वाले किसानों के लिए एकमुश्त समझौता योजना (ओटीएस) लागू की गई है। इसके अंतर्गत किसान यदि दो लाख रुपये से अधिक की बकाया राशि बैंक में जमा कर देते हैं तो उन्हें भी दो लाख रुपये तक की ऋणमाफी का लाभ मिलेगा। अतिरिक्त राशि जमा करने की अंतिम तिथि 31 मार्च 2027 निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए 50 हजार रुपये तक का प्रोत्साहन अनुदान भी दिया जाएगा। यह लाभ उन किसानों को मिलेगा जिन्होंने वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 में से किसी भी दो वर्षों में फसल ऋण लेकर समय पर उसका भुगतान किया हो तथा 2025-26 के फसल ऋण का भी समय पर पुनर्भुगतान किया हो।
उन्होंने जानकारी दी कि पालघर जिले से बैंकों द्वारा 14,053 कृषि ऋण खातों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इनमें ठाणे-पालघर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के 13,071 तथा वाणिज्यिक बैंकों के 982 ऋण खाते शामिल हैं। योजना के क्रियान्वयन के लिए महा-आईटी द्वारा विकसित कंप्यूटर प्रणाली पर राज्यभर से 31.17 लाख ऋण खातों का विवरण अपलोड किया गया है, जिनमें 10.01 लाख जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक तथा 21.16 लाख वाणिज्यिक बैंकों के खाते शामिल हैं।
पहले चरण में पालघर जिले के 10,484 ऋण खातों को आधार प्रमाणीकरण के लिए सूचीबद्ध किया गया है। इनमें ठाणे-पालघर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के 10,256 तथा वाणिज्यिक बैंकों के 228 खाते शामिल हैं। फिलहाल इस सूची में दो लाख रुपये तक बकाया ऋण खातों को शामिल किया गया है, जबकि दो लाख रुपये से अधिक बकाया वाले खातों को आगामी चरणों में प्रकाशित की जाने वाली सूचियों में शामिल किया जाएगा।
जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार ने 9 जून 2026 को सभी वाणिज्यिक बैंकों को अनुत्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) खातों में नियमानुसार रियायत देने के निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार 30 सितंबर 2021 अथवा उससे पहले एनपीए हुए खातों में बकाया राशि का 35 प्रतिशत, 1 अक्टूबर 2021 से 30 सितंबर 2022 के बीच एनपीए हुए खातों में 45 प्रतिशत, जबकि बाद की अवधि के लिए क्रमशः 55, 70 एवं 85 प्रतिशत राशि के आधार पर समझौता किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 1 अप्रैल 2026 के बाद पात्र किसानों के ऋण खातों पर ब्याज नहीं लगाने के निर्देश भी राज्य सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 को बैंकों को जारी किए गए हैं।
तालुकावार आधार प्रमाणीकरण की स्थिति की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि वाडा में 1,031, पालघर में 1,012, विक्रमगढ़ में 863, मोखाडा में 817 तथा दहानू में 677 किसानों ने आधार प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है। वहीं अभी मोखाडा में 1,655, दहानू में 1,268, तलासरी में 732, जव्हार में 507, पालघर में 327, वाडा में 314, विक्रमगढ़ में 263 तथा वसई में 24 किसानों का आधार प्रमाणीकरण शेष है।
अंत में जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड़ ने जिले के सभी पात्र किसानों से अपील की कि वे अपने निकटतम ‘आपले सरकार सेवा केंद्र’ अथवा निर्धारित केंद्र पर जाकर शीघ्र आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें ‘पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान ऋणमुक्ति योजना-2026’ का लाभ बिना किसी विलंब के प्राप्त हो सके।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।