पालघर: जिले के 13,094 किसानों को मिलेगी कर्जमाफी की सौगात, 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026' के तहत होगा लाभ।

पालघर: जिले के 13,094 किसानों को मिलेगी कर्जमाफी की सौगात, 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026' के तहत होगा लाभ।

अखिलेश चौबे
पालघर। प्राकृतिक आपदाओं के कारण आर्थिक संकट और कर्ज के बोझ से जूझ रहे किसानों को स्थायी राहत प्रदान करने के उद्देश्य से महाराष्ट्र शासन द्वारा घोषित 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होळकर किसान कर्जमुक्ति योजना-2026' के अंतर्गत पालघर जिले के 13,094 किसानों को कर्जमाफी का लाभ मिलेगा। जिला प्रशासन द्वारा जिले के सभी पात्र ऋण खातों का सत्यापन पूर्ण कर उनकी जानकारी शासन के कर्जमाफी पोर्टल पर अपलोड कर दी गई है।
योजना के तहत ऐसे किसानों को राहत प्रदान की जाएगी, जिनका 30 सितंबर 2025 तक लिया गया फसल ऋण बकाया है तथा जिन्होंने 31 मार्च 2026 तक ऋण का भुगतान नहीं किया है। ऐसे पात्र किसानों का दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ किया जाएगा।
इसके साथ ही राज्य सरकार ने समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को भी प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया है। योजना के अनुसार नियमित रूप से ऋण की अदायगी करने वाले पात्र किसानों को 50 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
इस योजना का लाभ राष्ट्रीयकृत बैंकों, निजी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों, जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंकों तथा प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं से कृषि ऋण लेने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगा, जिससे जिले के हजारों किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला प्रशासन के अनुसार, पात्र लाभार्थियों की सूची प्राप्त होने के बाद उसे संबंधित सेवा सहकारी संस्थाओं, ग्राम पंचायतों, बैंक शाखाओं, सहायक निबंधक कार्यालय तथा जिला उपनिबंधक कार्यालय में सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि किसान अपने नाम की पुष्टि कर सकें।
लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र किसानों को 'आपले सरकार' सेवा केंद्र अथवा संबंधित बैंक शाखा में जाकर आधार प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य होगा। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद कर्जमाफी की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने पात्र किसानों से अपील की है कि सूची प्रकाशित होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया समय पर पूरी करें, ताकि उन्हें बिना किसी परेशानी के राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी कर्जमाफी योजना का लाभ मिल सके। यह योजना प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को आर्थिक संबल देने तथा उन्हें कर्ज के चक्र से बाहर निकालने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।