पालघर: 112 बना जीवनरक्षक, तांदुलवाड़ी किले पर फंसे छह पर्यटक सुरक्षित।
पालघर: 112 बना जीवनरक्षक, तांदुलवाड़ी किले पर फंसे छह पर्यटक सुरक्षित।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के सफाला पुलिस थाना क्षेत्र स्थित तांदुलवाड़ी किले पर घूमने गए छह पर्यटक मूसलाधार बारिश, घने कोहरे और फिसलन भरे रास्ते के कारण जंगल में रास्ता भटक गए। सूचना मिलते ही सफाला पुलिस और स्थानीय रेस्क्यू टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी पर्यटकों को सकुशल सफाला रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई 2026 को नालासोपारा, विरार और डहाणू के चार युवक और दो युवतियां पर्यटन के लिए तांदुलवाड़ी किले पर गए थे। किले से वापस लौटते समय तेज बारिश, घने कोहरे और फिसलन भरे रास्ते के कारण वे जंगल में रास्ता भटक गए। खुद को सुरक्षित बाहर निकालने में असमर्थ होने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 आपातकालीन सेवा पर संपर्क कर सहायता मांगी।
सूचना मिलते ही सफाला पुलिस थाना में डायल-112 ड्यूटी पर तैनात पुलिस उपनिरीक्षक खादे, पुलिस हवलदार रमेश चौधरी, पुलिस हवलदार हरी चौधरी तथा पुलिस नायक भोये तत्काल तांदुलवाड़ी के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर उन्होंने स्थानीय पुलिस पाटिल सुजित पाटील से संपर्क किया और उनके समन्वय से गांव की अनुभवी रेस्क्यू टीम को किले की ओर भेजा गया।
रेस्क्यू टीम ने लगातार बारिश, घने कोहरे और अत्यंत फिसलन भरे रास्ते जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच खोज अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद टीम ने सभी छह पर्यटकों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला और सकुशल तांदुलवाड़ी गांव पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, बचाए गए सभी पर्यटक दांडेकर महाविद्यालय, पालघर के विद्यार्थी हैं। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद सभी को सुरक्षित सफाला रेलवे स्टेशन पहुंचा दिया गया।
इस घटना के बाद पालघर जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षा ऋतु में पहाड़ों, किलों, झरनों और अन्य दुर्गम पर्यटन स्थलों पर जाते समय सभी आवश्यक सुरक्षा नियमों का पालन करें। यदि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति उत्पन्न हो तो तुरंत डायल-112 आपातकालीन सेवा पर संपर्क कर पुलिस से सहायता प्राप्त करें।
Comments
Post a Comment