पालघर: ‘अपनी जमीन, अपने अधिकार’ कॉमिक का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया विमोचन, आदिवासी परिवारों को वनाधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल।

पालघर: ‘अपनी जमीन, अपने अधिकार’ कॉमिक का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया विमोचन, आदिवासी परिवारों को वनाधिकार और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के तारापुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को ‘अपनी जमीन, अपने अधिकार’ (आपली जमीन, आपले हक्क) नामक विशेष कॉमिक का विमोचन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को अपने परिवारों के लिए मार्गदर्शक बनाकर व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वनाधिकार (वन पट्टा) प्राप्त करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देना और उन्हें इस दिशा में प्रशिक्षित एवं प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आदिवासी समाज को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं से जोड़ना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘अपनी जमीन, अपने अधिकार’ कॉमिक विद्यार्थियों के माध्यम से आदिवासी परिवारों तक महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी। इससे परिवारों को आवश्यक दस्तावेज तैयार करने, कानूनी अभिलेखों को अद्यतन कराने तथा व्यक्तिगत एवं सामूहिक वनाधिकार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से आदिवासी समुदाय अपने अधिकारों के प्रति अधिक जागरूक होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से प्राप्त कर सकेगा। इस पहल से कानूनी दस्तावेजों का सुव्यवस्थित संधारण सुनिश्चित होगा, जिससे आदिवासी समुदाय सामाजिक और आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बन सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि यह कॉमिक केवल विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सामग्री नहीं, बल्कि उनके परिवारों और समाज को सरकारी योजनाओं तथा वनाधिकार कानून की जानकारी उपलब्ध कराने का एक उपयोगी माध्यम भी है। इसके माध्यम से पात्र परिवारों को वन पट्टा प्राप्त करने और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर वन मंत्री एवं पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक, मत्स्य व्यवसाय एवं बंदरगाह मंत्री नितेश राणे, सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक राजेंद्र गावित, पालघर की जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, डहाणू परियोजना अधिकारी विशाल खत्री सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि ‘अपनी जमीन, अपने अधिकार’ कॉमिक आदिवासी समाज में अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, वनाधिकार संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा अधिक से अधिक पात्र परिवारों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।