पालघर: कामगार दिवस पर बोईसर में ‘संकल्प यात्रा’, श्रमिक एकता का संदेश।1 मई को होटल सरोवर से सर्कस मैदान तक निकलेगी यात्रा, श्रमिक मुद्दों पर होगी सभा।

पालघर: कामगार दिवस पर बोईसर में ‘संकल्प यात्रा’, श्रमिक एकता का संदेश।
1 मई को होटल सरोवर से सर्कस मैदान तक निकलेगी यात्रा, श्रमिक मुद्दों पर होगी सभा।

अखिलेश चौबे 
पालघर। अंतरराष्ट्रीय कामगार दिवस और महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर औद्योगिक नगरी बोईसर एक बार फिर श्रमिक एकता के रंग में रंगने जा रही है। मुंबई लेबर यूनियन की ओर से 1 मई 2026 को यहां भव्य “संकल्प यात्रा” का आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से श्रमिकों के अधिकार, उनकी सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता का व्यापक संदेश दिया जाएगा।
यूनियन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह संकल्प यात्रा 1 मई की सुबह ठीक 9 बजे होटल सरोवर, बोईसर से शुरू होगी। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए केमलिन नाका, टाकी नाका और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से निकलेगी। इसके बाद तारापुर रोड स्थित सर्कस मैदान में इसका समापन होगा।
यात्रा के दौरान श्रमिक एकता, श्रम अधिकारों की रक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े संदेशों के साथ बैनर, पोस्टर और नारे लगाए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि बोईसर-तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले हजारों श्रमिकों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास है, ताकि उनकी समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठाया जा सके।
संकल्प यात्रा के समापन के बाद सर्कस मैदान में एक जनसभा आयोजित की जाएगी। इस सभा में श्रमिकों के वेतन, सुरक्षा, काम के घंटे, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। यूनियन पदाधिकारी इस दौरान श्रमिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संगठित रहने की अपील भी करेंगे।
यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कामगार दिवस श्रमिकों के संघर्ष, मेहनत और उनके अधिकारों के सम्मान का प्रतीक है। ऐसे में इस दिन आयोजित होने वाली यह संकल्प यात्रा केवल एक रैली नहीं, बल्कि श्रमिकों के हक और सम्मान के लिए एक मजबूत आवाज बनने का प्रयास है।
मुंबई लेबर यूनियन के चिटणीस सदानंद प्रभु ने पालघर-बोईसर पत्रकार संघ सहित सभी मीडिया प्रतिनिधियों से इस आयोजन को व्यापक प्रचार-प्रसार देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक श्रमिकों और नागरिकों की भागीदारी से ही इस अभियान को सार्थक बनाया जा सकता है।
यूनियन ने सभी कामगारों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से 1 मई को इस संकल्प यात्रा में शामिल होकर श्रमिक एकता को मजबूत करने का आह्वान किया है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।