पालघर: डहाणू-तलासरी के आदिवासी गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने का प्रस्ताव, दूरी घटेगी और आवागमन होगा सुगम।
पालघर: डहाणू-तलासरी के आदिवासी गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने का प्रस्ताव, दूरी घटेगी और आवागमन होगा सुगम।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. हेमंत विष्णू सवरा ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष डहाणू-तलासरी क्षेत्र के आदिवासी बहुल गांवों को राष्ट्रीय राजमार्ग-48 तथा वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधे जोड़ने हेतु नए सड़क मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है। इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़कर आवागमन को सुगम बनाना और क्षेत्रीय विकास को गति देना है।
वर्तमान में डहाणू और तलासरी तहसील के अनेक आदिवासी गांवों के निवासियों को राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंचने के लिए 42 से 48 किलोमीटर तक का लंबा और कठिन चक्कर लगाना पड़ता है। इससे न केवल समय और ईंधन की बर्बादी होती है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है।
सांसद सवरा द्वारा प्रस्तावित नया मार्ग अस्वाली, करजगांव, धामणगांव और वडवली गांवों से होकर गुजरेगा, जो इन क्षेत्रों को सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग-48 और वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इस मार्ग के निर्माण से यात्रा दूरी में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा स्थानीय निवासियों को आवागमन, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और बाजार तक पहुंच में बड़ी राहत मिलेगी।
सांसद ने इस परियोजना के महत्व को रेखांकित करते हुए केंद्र सरकार से शीघ्र स्वीकृति और कार्यवाही की मांग की है। उनका कहना है कि इस सड़क संपर्क के विकसित होने से न केवल आदिवासी क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित होगा, बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
यदि यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो डहाणू-तलासरी क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों के लिए यह परियोजना जीवन को आसान बनाने वाली साबित होगी और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को नई दिशा प्रदान करेगी।
Comments
Post a Comment