पालघर: बोईसर में गैस वितरण गड़बड़ी पर मनसे सख्त, एजेंसी को तत्काल सुधार के निर्देश।
पालघर: बोईसर में गैस वितरण गड़बड़ी पर मनसे सख्त, एजेंसी को तत्काल सुधार के निर्देश।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के बोईसर शहर में घरेलू गैस सिलेंडर वितरण में हो रही अनियमितताओं, कालाबाजारी और उपभोक्ताओं की लगातार मिल रही शिकायतों को लेकर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में मनसे के उपतालुका अध्यक्ष सत्यम मिथिलेश मिश्रा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने चंद्रानी इंडियन गैस एजेंसी, बोईसर का दौरा कर एजेंसी प्रबंधन के सामने नागरिकों की समस्याएं रखीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न क्षेत्रों से लगातार यह शिकायतें सामने आ रही थीं कि घरेलू गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। उपभोक्ताओं को बिना किसी ठोस कारण के लंबा इंतजार कराया जा रहा है, बुकिंग के बावजूद सिलेंडर देरी से दिए जा रहे हैं और कई मामलों में अतिरिक्त पैसे भी वसूले जा रहे हैं। इन समस्याओं से आम नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि मौजूदा समय में आखाती देशों में चल रहे युद्ध के कारण ईंधन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका के बीच कुछ एजेंसियां इसका फायदा उठाकर उपभोक्ताओं से अधिक राशि वसूल रही हैं। हालांकि, जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद एजेंसी द्वारा बुकिंग सेवा बंद रखना एक गंभीर मुद्दा बन गया है।
इसके अलावा, पहले जहां सिलेंडर बुकिंग की अवधि 25 दिनों के बाद होती थी, वहीं इसे बढ़ाकर 45 दिन करने की जानकारी भी सामने आई है। इस निर्णय को लेकर भी उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और इस पर स्पष्ट आदेश की मांग की जा रही है।
मनसे प्रतिनिधिमंडल ने एजेंसी को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर बुकिंग सेवा तत्काल प्रभाव से शुरू की जानी चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही सभी ग्राहकों को नियमानुसार और समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी सख्त निर्देश दिया कि किसी भी उपभोक्ता से अतिरिक्त राशि वसूली न की जाए और पारदर्शिता बनाए रखी जाए। इसके अलावा, बुकिंग के बाद यथाशीघ्र गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।
मनसे के इस दौरे के दौरान एजेंसी के प्रमुख मनोज वाजपेयी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वर्तमान समस्या कुछ ही दिनों में सुलझा ली जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे घबराकर (पैनिक में) अनावश्यक बुकिंग न करें।
एजेंसी की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया कि इंडियन गैस के उपभोक्ता 25 दिन पूरे होने के बाद ही गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिकों को मनसे पदाधिकारियों से संपर्क करने का सुझाव दिया गया है।
इस मौके पर मनसे पालघर उपतालुका अध्यक्ष सत्यम मिथिलेश मिश्रा के साथ पालघर उपतालुका प्रमुख सचिन पिंपळे महाराष्ट्र सैनिक तन्मय संखे, महाराष्ट्र सैनिक प्रांजल जगबंधू, मनसे उपविभाग अध्यक्ष वसंत तरसे, मनसे सरावली शाखा अध्यक्ष शहर्षद मिस्त्री, मनसे टाटा हाउसिंग शाखा अध्यक्ष पंकज चौरसिया सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment