पालघर: धुएं के गुबार और धमाकों की गूंज, शिव इंडस्ट्री में टला बड़ा हादसा।

पालघर: धुएं के गुबार और धमाकों की गूंज, शिव इंडस्ट्री में टला बड़ा हादसा।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर स्थित तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सेक्टर J-62 (प्लॉट नंबर J-162/163) में स्थित शिव इंडस्ट्री कंपनी में अचानक भीषण आग भड़क उठी। लाइट डीजल ऑयल (LDO) जैसे अत्यंत ज्वलनशील ईंधन की मौजूदगी के कारण आग ने कुछ ही क्षणों में विकराल रूप ले लिया और पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया।
घटना सुबह लगभग 8:30 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद एक के बाद एक करीब 12 से 15 जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई। विस्फोटों की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और आसपास की कई कंपनियों को भी इस आग की तपिश और प्रभाव का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीमें बिना देरी के मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए कुल पांच दमकल गाड़ियां तैनात की गईं, जिनमें MIDC की तीन, BRC की एक और पालघर नगर परिषद की एक गाड़ी शामिल रही। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर नियंत्रण पाने के लिए लगातार प्रयास किए और अंततः आग को पूरी तरह शांत कर दिया गया।
वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे इलाके को सील कर दिया। एहतियात के तौर पर नागरिकों और कर्मचारियों को क्षेत्र से दूर रहने की अपील की गई, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
प्रारंभिक जांच के आधार पर यह संभावना जताई जा रही है कि आग LDO ईंधन के भंडारण से संबंधित क्षेत्र में लगी होगी, हालांकि आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। आग पूरी तरह से बुझाए जाने के बाद भी एहतियात के तौर पर निगरानी जारी है, ताकि दोबारा किसी प्रकार की चिंगारी या खतरा उत्पन्न न हो।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!