पालघर: बोईसर में तीन दिवसीय निःशुल्क Breast Cancer Screening शिविर संपन्न, 408 महिलाओं ने कराया परीक्षण।
पालघर: बोईसर में तीन दिवसीय निःशुल्क Breast Cancer Screening शिविर संपन्न, 408 महिलाओं ने कराया परीक्षण।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक नगर बोईसर के पश्चिम स्थित विराज प्रोफाइल्स प्राइवेट लिमिटेड के ज्यूरिक प्लांट में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय निःशुल्क स्तन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का 18 फरवरी को सफलतापूर्वक समापन हो गया। यह शिविर 16 से 18 फरवरी तक आयोजित किया गया था। शिविर का उद्देश्य महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा रोग की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना था।
तीन दिनों तक चले इस शिविर में बोईसर शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आई लगभग 408 महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्तन कैंसर की प्रारंभिक जांच अत्यंत सावधानीपूर्वक की गई तथा महिलाओं को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया।
विशेषज्ञों ने बताया कि स्तन कैंसर का समय रहते पता चलने पर उसका प्रभावी उपचार संभव है। शीघ्र जांच और उचित चिकित्सा से गंभीर परिणामों से बचा जा सकता है। जांच के दौरान 14 महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। शिविर के दौरान यह घोषणा की गई कि जिन महिलाओं की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई जाएगी, उनके संपूर्ण उपचार तथा आवश्यकता पड़ने पर शल्यक्रिया का व्यय भी रोटरी क्लब द्वारा वहन किया जाएगा। यह पहल सामाजिक उत्तरदायित्व और मानव सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण मानी जा रही है।
16 फरवरी को आयोजित उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन कंपनी अधिकारी हरीश आहूजा ने सुव्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से किया।
उद्घाटन अवसर पर विराज प्रोफाइल्स के वरिष्ठ पदाधिकारी विवेक चौहान, कार्यकारी निदेशक प्रदीप जाधव तथा वरिष्ठ पदाधिकारी हरीश आहूजा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की ओर से प्रेसिडेंट राम नारायण गोयल, प्रोजेक्ट डायरेक्टर स्मिता जाधव, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर डॉ. सोनम खांडेजोड़, आरती शिंदे, पास्ट प्रेसिडेंट डॉ. पराग कुलकर्णी, विनायक पदमवार, रमेश मित्तल, वैशाली शिंदे तथा सुमन मित्तल की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही।
कार्यक्रम के दौरान विवेक चौहान ने रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट राम नारायण गोयल को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही कार्यकारी निदेशक प्रदीप जाधव तथा विराज प्रोफाइल्स के अन्य पदाधिकारियों ने रोटरी क्लब से पधारे प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया। अतिथियों के स्वागतार्थ अल्पाहार की समुचित व्यवस्था की गई थी।
18 फरवरी को समापन अवसर पर रोटरी क्लब के प्रेसिडेंट राम नारायण गोयल ने अपने संबोधन में भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों के निरंतर आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।
तीन दिवसीय यह निःशुल्क स्तन कैंसर स्क्रीनिंग शिविर महिला स्वास्थ्य जागरूकता को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण, प्रेरणादायी और सराहनीय पहल के रूप में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
Comments
Post a Comment