पालघर: बोईसर में सनसनी: - प्रेम प्रसंग के गुस्से में पिता पर जानलेवा फायरिंग।

पालघर: बोईसर में सनसनी: - प्रेम प्रसंग के गुस्से में पिता पर जानलेवा फायरिंग।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर के पूर्व महागांव क्षेत्र स्थित वलवे फाटा में रविवार (22 फरवरी) देर रात रिवॉल्वर से फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई। चिकन ईटिंग सेंटर से जुड़े विवाद को इस हमले की मुख्य वजह बताया जा रहा है। फायरिंग में सुरेश वरखंडे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनके सिर में गोली लगने से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चिकन ईटिंग सेंटर पर काम करने वाली एक युवती अपने प्रेमी के साथ भाग गई थी। इसी बात से नाराज होकर सेंटर के ड्राइवर उमेश घरात ने युवती के साथ भागे युवक के पिता को निशाना बनाया। इसी दौरान आरोपी ने रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी, जिसमें गोली सुरेश वरखंडे के सिर में जा लगी।
घटना के तुरंत बाद घायल सुरेश वरखंडे को बोईसर स्थित अधिकारी लाइफ लाइन्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गोलीबारी की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
फायरिंग के बाद आरोपी उमेश घरात मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से इस्तेमाल की गई रिवॉल्वर बरामद कर ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बोईसर MIDC पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 301(6), 115(2), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अतिरिक्त एट्रोसिटीज एक्ट की धारा 3, 2(v) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3, 25 और 27 के तहत भी केस दर्ज किया गया है।
बोईसर MIDC पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की पहचान स्पष्ट हो चुकी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल घायल सुरेश वरखंडे का इलाज जारी है तथा पुलिस घटना के हर पहलू की जांच में जुटी हुई है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!