पालघर: आशादीप विद्यामंदिर हाईस्कूल का वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से संपन्न।
पालघर: आशादीप विद्यामंदिर हाईस्कूल का वार्षिकोत्सव व पुरस्कार वितरण समारोह धूमधाम से संपन्न।
अखिलेश चौबे
पालघर। सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में पिछले 28 वर्षों से निरंतर समर्पित आशादीप विद्यामंदिर हाईस्कूल (हिंदी व सेमी अंग्रेजी माध्यम) का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 13 फरवरी, शुक्रवार को विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच पर उपस्थित मान्यवरों के करकमलों से स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मंचासीन प्रमुख अतिथियों एवं गणमान्यजनों ने अपने संबोधन में विद्यालय के अनुशासन, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना एवं सरस्वती वंदना से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके अतिरिक्त देशभक्ति गीतों, घूमर नृत्य, लावणी नृत्य, गरबा नृत्य, भक्ति गीतों तथा फिल्मी गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन भी अत्यंत प्रभावशाली रहा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व सैनिक प्रकाश कुमार त्रिपाठी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में जिप हिंदी धनानी के प्रमुख शिक्षक एवं वरिष्ठ समाजसेवी ब्रह्मदेव चौबे, विप्र फाउंडेशन बोईसर के वरिष्ठ जन, पत्रकार ओमप्रकाश द्विवेदी तथा अजीत सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्र-छात्राएँ, अभिभावक एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय की शिक्षिका जया शरद कुरकुटे ने किया, जबकि अंत में प्रधानाचार्य हरिओम शरण मिश्र ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की सफल पूर्व तैयारियों में विशेष योगदान देने हेतु सोनम संजय चौहान को सम्मानित किया गया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए प्रिया सर्वजीत यादव को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह के सफल आयोजन ने विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और सांस्कृतिक समृद्धि की एक बार पुनः सशक्त झलक प्रस्तुत की तथा उपस्थित अभिभावकों एवं अतिथियों ने विद्यालय परिवार की सराहना की।
Comments
Post a Comment