पालघर: शौर्य दिवस पर बोईसर में भव्य शौर्य पथ संचलन, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा शहर।

पालघर: शौर्य दिवस पर बोईसर में भव्य शौर्य पथ संचलन, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा शहर।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर शौर्य दिवस (गीता जयंती) के अवसर पर गुरुवार, 25 दिसंबर को औद्योगिक नगर बोईसर प. स्थित सर्कस ग्राउंड में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल, पालघर जिला की ओर से ‘भव्य शौर्य पथ संचलन एवं धर्म सभा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रप्रेमी नागरिक पुलिस के व्यापक बंदोबस्त के बीच शामिल हुए।
सायंकाल आयोजित शौर्य पथ संचलन सर्कस ग्राउंड से प्रारंभ होकर बोईसर रेलवे स्टेशन मार्ग, न्यू वृजवाशी होटल, नावापुर रोड होते हुए मधुर नाका और ओस्तवाल गेट के रास्ते पुनः सर्कस ग्राउंड पहुंचा। पूरे मार्ग पर बजरंग दल के गणवेश में अनुशासित, कतारबद्ध स्वयंसेवकों की टोली ने भाग लिया। संचलन के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के गगनभेदी उद्घोष से बोईसर की सड़कें गूंज उठीं, जिससे वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया।
शौर्य पथ संचलन के समापन के पश्चात आयोजित धर्म सभा में स्वामी भारतानंद सरस्वतीजी महाराज का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। प्रमुख वक्ताओं में बजरंग दल के केंद्रीय सह-संयोजक विवेक कुलकर्णी ने आपसी सामंजस्य और राष्ट्रीय एकता को वर्तमान समय की आवश्यकता बताया। उन्होंने बांग्लादेश में हो रही घटनाओं की निंदा करते हुए धर्मांतरण के बाद हिंदुओं की घर वापसी तथा बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा व्यसन मुक्ति का संकल्प दोहराया।

शौर्य पथ संचलन के दौरान मार्ग के दोनों ओर विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया। पूरे आयोजन में विहिप उत्तर मुंबई जिला विभाग प्रमुख चंदन सिंह, जिला प्रमुख महावीर सोलंकी जैन, मंत्री जयेश घरत, सहमंत्री रामरंजन सिंह, धर्माचार्य जिला प्रमुख मुकेश दुबे, बजरंग दल जिला प्रमुख कुंदन सिंह, मनोज मिश्रा, राबिन सिंह, प्रखंड प्रमुख एस.पी. सिंह, मंत्री अरविंद सिंह, मातृशक्ति जिला प्रमुख शैलबाला सिंह यादव तथा गौरक्षा विभाग प्रमुख राजन चौबे सहित अनेक कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

शौर्य पथ संचलन के बाद आयोजित धर्म सभा में विहिप पालघर विभाग प्रमुख महेश मिस्त्री, बजरंग दल प्रांत संयोजक रंजित जाधव, सहमंत्री मिथुन नाईक, संघ चालक विनोद बाजपेई सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और राजनीतिज्ञ उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और आयोजन को लेकर नगर में उत्साह का माहौल देखा गया।


Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!