पालघर: अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 583 सीटों पर 1 मार्च को प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन।

पालघर: अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 583 सीटों पर 1 मार्च को प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन।

अखिलेश चौबे
पालघर। आदिवासी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम का आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना, दहानू (जिला पालघर) के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एकलव्य रेसिडेंशियल पब्लिक स्कूल में कक्षा 6वीं से 9वीं तक प्रवेश हेतु प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन किया गया है।
अपर आयुक्त, आदिवासी विकास, ठाणे के अधीन पालघर जिले के कांबळगांव (तालुका पालघर), चळणी (तालुका दहानू), सवणे (तालुका तलासरी), शेंडेगांव (तालुका शहापुर), पळसुंडे तथा हिरवे (तालुका मोखाडा) स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। इन सभी विद्यालयों में कुल 583 सीटें रिक्त हैं। यह जानकारी दहानू एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना के परियोजना अधिकारी एवं सहायक जिलाधिकारी विशाल खत्री ने दी है।
रिक्त सीटों का विवरण इस प्रकार है— कांबळगांव में 70, चळणी में 82, सवणे में 80, शेंडेगांव में 77, पळसुंडे में 127 तथा हिरवे में 147 सीटें उपलब्ध हैं। दहानू, तलासरी, पालघर और वसई तालुका क्षेत्र के सरकारी एवं अनुदानित आश्रम विद्यालयों, जिला परिषद, नगरपालिका अथवा महानगरपालिका और शासन मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के दौरान कक्षा 5वीं से 8वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी इस प्रतियोगी परीक्षा के लिए पात्र होंगे।
प्रवेश के लिए यह अनिवार्य है कि विद्यार्थी अनुसूचित जनजाति अथवा आदिम जनजाति से संबंधित हो तथा अभिभावकों की वार्षिक आय 6 लाख रुपये से कम हो। इसके साथ ही जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा संबंधित कक्षा की शैक्षणिक योग्यता पूर्ण होना आवश्यक है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, विद्यार्थी का आधार कार्ड, विद्यालय का बोनाफाइड प्रमाण पत्र और एक पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना अनिवार्य रहेगा।
प्रतियोगी परीक्षा का पाठ्यक्रम कक्षा के अनुसार निर्धारित किया गया है। कक्षा 6वीं के लिए मानसिक क्षमता के 50 अंक, अंकगणित के 25 अंक और भाषा (अंग्रेजी/हिंदी/क्षेत्रीय) के 25 अंक होंगे, जिनका कुल योग 100 अंक होगा। वहीं कक्षा 7वीं से 9वीं के लिए अंग्रेजी के 10 अंक, हिंदी/क्षेत्रीय के 20 अंक, गणित के 60 अंक, विज्ञान के 60 अंक और सामाजिक विज्ञान के 40 अंक निर्धारित किए गए हैं, जिसका कुल योग 200 अंक होगा।
विज्ञापन....
आवेदन प्राप्त करने एवं जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जबकि प्रतियोगी परीक्षा रविवार, 1 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी। कक्षा 6वीं की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा कक्षा 7वीं से 9वीं की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी।
परीक्षा केंद्र दहानू एवं तलासरी तालुका क्षेत्र के लिए एकलव्य मॉडल स्कूल, सवणे तथा पालघर एवं वसई तालुका क्षेत्र के लिए एकलव्य मॉडल स्कूल, कांबळगांव (बोईसर) में निर्धारित किए गए हैं। आवेदन पूरी तरह निःशुल्क हैं और भरे हुए आवेदन पत्र संबंधित एकलव्य विद्यालय में ही जमा करने होंगे। दहानू एकात्मिक आदिवासी विकास परियोजना के परियोजना अधिकारी एवं सहायक जिलाधिकारी विशाल खत्री ने अभिभावकों और प्रधानाध्यापकों से अपील की है कि वे गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा के इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाएं और समय पर आवेदन जमा कराएं।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!