पालघर: दीप ग्लोबल स्कूल के इंटरेक्ट क्लब ने ‘आनंद वृद्धाश्रम’ में मनाया भावपूर्ण बाल दिवस, बुजुर्गों संग बांटी खुशियाँ।
पालघर: दीप ग्लोबल स्कूल के इंटरेक्ट क्लब ने ‘आनंद वृद्धाश्रम’ में मनाया भावपूर्ण बाल दिवस, बुजुर्गों संग बांटी खुशियाँ।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक क्षेत्र बोईसर (प.) सरावली स्थित दीप ग्लोबल स्कूल के छात्रों की इकाई इंटरेक्ट क्लब ऑफ दीप ग्लोबल स्कूल ने इस वर्ष का बाल दिवस एक अनूठे रूप में मनाया। अपने अभिभावक संगठन रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर के मार्गदर्शन में छात्रों ने 14 नवंबर, शुक्रवार को सातपाटी (पालघर) के आनंद वृद्धाश्रम में रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों के साथ एक स्नेहमयी और पारिवारिक माहौल में कार्यक्रम आयोजित किया।
इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों में संस्कार, संवेदना और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना था। “अपनों के संग — अपनों का प्यार” संदेश को आगे बढ़ाते हुए छात्रों ने राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण गीत, भजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। साथ-ही साथ विभिन्न मनोरंजक खेलों के जरिए बच्चों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को हंसाने और उनका मन बहलाने की पूरी कोशिश की।
बुजुर्गों को छात्रों की ओर से आत्मीयता के साथ स्वादिष्ट जलपान, उपहार सामग्री और सम्मान प्रदान किया गया, जिससे वृद्धाश्रम का वातावरण कुछ समय के लिए बिलकुल परिवार जैसा महसूस होने लगा।
कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा और सफलता का श्रेय रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर की प्रोजेक्ट्स डायरेक्टर रो. स्मिता जाधव, दीप ग्लोबल स्कूल की प्रिंसिपल वृंदा कुलकर्णी, और प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रत्ना सिंह को दिया गया, जिन्होंने कार्यक्रम को सुचारु और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर दीप ग्लोबल स्कूल के 75 छात्र, प्रिंसिपल वृंदा कुलकर्णी, दो शिक्षकगण, और रोटरी क्लब के पदाधिकारी — प्रेसिडेंट रो. रामनारायण गोयल, जगदीश भुते, वैशाली शिंदे, अनिल जगदाले, संध्या जैन, कमलेश हमबीरे, लक्ष्मण शहापुरे, रेखेश जैन, अलका जाधव, वृषाली कदम और गीता हमबीरे — उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर आनंद वृद्धाश्रम की संचालिका मनीषा कोटक ने सभी अतिथियों, छात्रों और रोटरी क्लब के सदस्यों का प्रेमपूर्वक स्वागत करने और अपना समय देने के लिए आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment