पालघर: डहाणू में सर्वदलीय कार्यकर्ताओं का शिवसेना में सामूहिक प्रवेश, नगर परिषद से लेकर पंचायत समिति तक जीत का संकल्प।
पालघर: डहाणू में सर्वदलीय कार्यकर्ताओं का शिवसेना में सामूहिक प्रवेश, नगर परिषद से लेकर पंचायत समिति तक जीत का संकल्प।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के डहाणू विधानसभा क्षेत्र में शिवसेना का जनाधार लगातार मजबूत होता जा रहा है। डहाणू शहर एवं ग्रामीण भागों में प्रतिदिन सैकड़ों कार्यकर्ता विभिन्न राजनीतिक दलों को छोड़कर शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। आने वाले डहाणू नगरपरिषद, जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में शिवसेना के उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है।
पिछले एक महीने से शिवसेना ने डहाणू क्षेत्र में विशेष सक्रियता दिखाई है। शहर से लेकर गांवों तक कार्यकर्ताओं का प्रवेश अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में डहाणू विधानसभा क्षेत्र के मोडगांव जिला परिषद गट के सैकड़ों सर्वदलीय कार्यकर्ताओं ने पालघर शिवसेना जिल्हा प्रमुख कुंदन संखे की उपस्थिति में शिवसेना में प्रवेश किया।
इस अवसर पर बोलते हुए कुंदन संखे ने कहा कि — “डहाणू शहर और ग्रामीण भागों के नागरिकों में वर्तमान व्यवस्था के प्रति गहरा असंतोष है। जनता अब शिवसेना को एक मजबूत विकल्प के रूप में देख रही है। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एकजुटता से आने वाले चुनावों में डहाणू नगरपरिषद के नगराध्यक्ष पद के साथ-साथ जिला परिषद और पंचायत समिति पर भी शिवसेना का झंडा लहराएगा।”
सहसंपर्क प्रमुख केदार काळे ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता चुनावी रण में उतरने की तैयारी करें और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएं ताकि आगामी चुनावों में शिवसेना की निर्णायक जीत सुनिश्चित हो सके।
इस कार्यक्रम में शिवसेना जिल्हा प्रमुख कुंदन संखे, सहसंपर्क प्रमुख केदार काळे, युवासेना जिल्हाध्यक्ष साईराज पाटील, उपजिल्हा प्रमुख समीर सागर, डहाणू के पूर्व उपनगराध्यक्ष राजू माच्छी, विधानसभा क्षेत्र प्रमुख सुनील इभाड, विधानसभा संघटक आदित्य अहिरे, तालुका प्रमुख हेमंत धर्ममेहेर, तालुका संघटक रूपजी कोल, शहर प्रमुख रमेश पाटील, मिलिंद माळवे, सईद शेख, कल्पेश भावर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डहाणू विधानसभा क्षेत्र में हुए इस सर्वदलीय कार्यकर्ता प्रवेश कार्यक्रम से शिवसेना का जनाधार और संगठन दोनों ही मजबूत हुए हैं, जिससे आने वाले चुनावों में शिवसेना की स्थिति और भी सशक्त होने की संभावना जताई जा रही है।
Comments
Post a Comment