पालघर: बोईसर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप पर हमला, फायरिंग कर लुटेरे फरार — शहर में दहशत
पालघर: बोईसर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप पर हमला, फायरिंग कर लुटेरे फरार — शहर में दहशत
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक शहर बोईसर में आज शुक्रवार दोपहर लगभग 11:00 से 11:30 बजे के बीच एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। गणेश नगर स्थित चतुर्भुज नाथ ज्वेलर्स पर दो बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला। स्वर्ण दुकान में घुसते ही आरोपियों ने लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन कर्मचारियों के विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान के अंदर ही फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से पूरे इलाके में भगदड़ मच गई और स्थानीय लोग दहशत में इधर–उधर भागने लगे।
सूत्रों के मुताबिक, दुकान में रखी असली गहनों के नमूने के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली नकली ज्वेलरी को बदमाश लूटकर ले गए। इस दौरान उनके हाथ में मौजूद देसी कट्टा से एक गोली चली। फायरिंग के बाद आरोपी जल्दबाजी में भागने लगे, जिसके दौरान उनका देसी कट्टा उसी जगह पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही बोईसर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से बरामद देसी कट्टा कब्जे में लेकर फिंगरप्रिंट जांच के लिए भेज दिया है। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला जा रहा है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश जारी है। जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है और संदिग्धों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है।
प्रारंभिक जांच में अभी तक किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है, स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भय और आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त की कमी के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
लोगों ने मांग की है कि मुख्य बाजार क्षेत्र में तत्काल पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही, यह सवाल भी उठाया जा रहा है कि व्यस्त बाजार में हथियार लेकर बदमाश आखिर कैसे घुस आए और मौके से इतनी आसानी से फरार हो गए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच की मदद से आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।
Comments
Post a Comment