पालघर: दावा न की गई बैंक जमा राशि वापस पाने का मौका जिले में 2 लाख से अधिक खाताधारकों के लिए विशेष अभियान।
पालघर: दावा न की गई बैंक जमा राशि वापस पाने का मौका जिले में 2 लाख से अधिक खाताधारकों के लिए विशेष अभियान।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले की विभिन्न राष्ट्रीयकृत, सहकारी और निजी बैंकों में लगभग 81 करोड़ रुपये की दावा न की गई जमा राशि अब तक पड़ी हुई है। इन 2 लाख 5 हजार 8 खाताधारकों को उनकी राशि वापस दिलाने के लिए जिला अग्रणी बैंक – बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने विशेष जनजागरण अभियान शुरू किया है। यह अभियान 31 दिसंबर 2025 तक चलाया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विशाल वाघ ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य उन सभी खाताधारकों तक पहुंचना है जिनकी राशि पिछले कई वर्षों से बैंक खातों में निष्क्रिय पड़ी है और जिन्होंने उसे दावा नहीं किया है।
वाघ ने कहा कि देशभर में विभिन्न बैंकों में लगभग 1 लाख 35 हजार करोड़ रुपये की राशि दावा न की गई है। इनमें से केवल महाराष्ट्र राज्य में ही 5,866 करोड़ रुपये की जमा राशि अभी तक निष्क्रिय है। इसमें 4,612 करोड़ रुपये व्यक्तिगत खातों, 1,082 करोड़ रुपये संस्थागत खातों, तथा 172 करोड़ रुपये सरकारी योजनाओं से संबंधित हैं।
भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) के नियमों के अनुसार, जिन बैंक खातों में लगातार 10 वर्षों तक कोई लेनदेन नहीं होता, उनमें रखी गई राशि को “ठेवीदार शिक्षा व जागरूकता निधि (Depositor Education and Awareness Fund - DEAF)” में स्थानांतरित कर दिया जाता है। हालांकि, खाताधारक को अपनी राशि वापस लेने का पूरा अधिकार रहता है।
वाघ ने बताया कि जिन लोगों के खाते निष्क्रिय हो चुके हैं, वे अपनी संबंधित बैंक शाखा से संपर्क करके आवश्यक दस्तावेज और अद्ययावत KYC (Know Your Customer) जमा कराकर अपनी राशि वापस प्राप्त कर सकते हैं।
इस विशेष जनजागरण अभियान के तहत सभी बैंक ग्राहक शिबिर, जानकारी सत्र, और सीधी मुलाकातों के माध्यम से नागरिकों को जागरूक करने का काम करेंगी।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक विशाल वाघ ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने पुराने या निष्क्रिय खातों की जानकारी तुरंत प्राप्त करें और अपनी मेहनत की कमाई वापस लें।
Comments
Post a Comment