पालघर: गणेशोत्सव 2025 की तैयारी: बोईसर पुलिस ने मंडलों को दिए सख्त दिशा-निर्देश।

पालघर: गणेशोत्सव 2025 की तैयारी: बोईसर पुलिस ने मंडलों को दिए सख्त दिशा-निर्देश।


अखिलेश चौबे 
पालघर। आगामी श्री गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, अनुशासित और उत्सवपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बोईसर पुलिस स्टेशन के तत्वावधान में मंगलवार, 12 अगस्त की शाम टीमा हॉल में मंडल प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बोईसर डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) विकास नाईक ने की।
डीएसपी नाईक ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, नियम उल्लंघन या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणपति बप्पा की स्थापना से लेकर विसर्जन तक के आयोजन पारंपरिक, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण ढंग से होने चाहिए।
गणेशोत्सव के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने मंडलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। सभी कार्यक्रमों की योजना पहले से पुलिस को बताकर अनुमति लेना अनिवार्य होगा। मंडलों को अपने स्वयंसेवकों की सूची और उनके फोटोग्राफ पुलिस सत्यापन हेतु जमा कराने होंगे। बप्पा के आगमन और विसर्जन के लिए निर्धारित मार्ग की जानकारी पहले से पुलिस को उपलब्ध करानी होगी। आयोजनों में पारंपरिक वाद्ययंत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी, जबकि लेजर लाइट, प्लाज्मा स्क्रीन और तेज साउंड सिस्टम के उपयोग से परहेज करने के निर्देश हैं। डबल मीनिंग गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक गीत बजाने की अनुमति होगी। ध्वनि प्रदूषण, नशाखोरी, जुआ, अवैध चंदा वसूली या महिलाओं के साथ किसी भी तरह के दुर्व्यवहार की स्थिति में संबंधित मंडल की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी। पुलिस ने सामाजिक और शैक्षणिक दृष्टि से उपयोगी कार्यक्रमों को बढ़ावा देने तथा छात्रों के लिए विशेष आयोजन करने की सिफारिश भी की है।
डीएसपी नाईक ने यातायात व्यवस्था को बनाए रखने, कॉर्नर मीटिंग जारी रखने तथा शोभायात्रा और विसर्जन को निर्धारित समय पर सम्पन्न करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मंडलों से कृत्रिम तालाबों के उपयोग को प्राथमिकता देने की अपील की।
बैठक में उपस्थित बोईसर थानाध्यक्ष शिरीष पवार ने सभी मंडलों को बप्पा के आगमन की शुभकामनाएं दीं और महावितरण, एमआईडीसी तथा पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से समन्वय और सहयोग का आग्रह किया।

Comments