पालघर: पत्नी और प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, पति की हत्या कर शव को टाइल्स के नीचे दफनाया।
पालघर: पत्नी और प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, पति की हत्या कर शव को टाइल्स के नीचे दफनाया।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के नालासोपारा इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की गुमशुदगी की गुत्थी तब सुलझी जब उसके ही घर के फर्श के नीचे से उसकी सड़ी-गली लाश बरामद हुई। पुलिस को शक है कि युवक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की और शव को घर के अंदर जमीन में दफनाकर टाइल्स से ढंक दिया।
यह सनसनीखेज वारदात नालासोपारा पूर्व के गडकापाड़ा इलाके की है, जहां 21 जुलाई की सुबह पुलिस और स्थानीय लोग एक मकान में खुदाई के दौरान मौजूद थे। जैसे-जैसे फर्श की टाइल्स हटाई गईं और मिट्टी की परतें खोदी गईं, वहां से तेज़ दुर्गंध उठने लगी। कुछ ही देर में जमीन से एक लाश बरामद हुई, जो किसी पुरुष की थी। बाद में पुष्टि हुई कि यह शव उसी मकान के मालिक विजय चौहान का था, जो पिछले 15 दिनों से लापता था।
◾कैसे हुआ मामले का खुलासा?
विजय चौहान मेशन (राजमिस्त्री) का काम करता था और अपनी पत्नी कोमल व 8 साल के बेटे के साथ इस मकान में रहता था। उसका छोटा भाई बिलालपाड़ा इलाके में रहता है। 15 दिन पहले विजय अचानक लापता हो गया था। उसका फोन लगातार बंद आ रहा था। विजय के भाई ने जब पूछताछ के लिए उसके घर का रुख किया, तो कोमल ने उसे बताया कि विजय किसी काम से कुर्ला गया है।
लेकिन कुछ ही दिन बाद यानी 19 जुलाई को विजय की पत्नी कोमल भी गायब हो गई। अब घर में न तो विजय था, न ही उसकी पत्नी। इस पर विजय के भाई को शक गहराने लगा।
◾फर्श पर नई टाइल्स देख जागा शक
21 जुलाई को विजय का भाई एक बार फिर उसके घर पहुंचा, तो उसे कमरे में नई टाइल्स बिछी हुई नजर आईं। उसे शक हुआ कि कहीं नीचे कुछ छिपाया तो नहीं गया है। उसने अपने दोस्तों की मदद से खुदाई शुरू की। थोड़ी खुदाई होते ही जमीन से तेज़ बदबू उठने लगी। इस पर तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची और खुदाई आगे बढ़ाई गई। आखिरकार लगभग साढ़े चार फीट नीचे से एक सड़ी-गली लाश बरामद हुई। कपड़ों और शारीरिक पहचान से उसकी पुष्टि विजय चौहान के रूप में हुई।
◾हत्या की वजह: अवैध संबंध
जांच के दौरान पुलिस को जो जानकारी मिली, उसने सबको चौंका दिया। पता चला कि विजय की पत्नी कोमल के नालासोपारा के ही रहने वाले 20 वर्षीय युवक मोनू विश्वकर्मा से अवैध संबंध थे। कोमल की उम्र 28 साल है, यानी मोनू से 8 साल बड़ी। मोनू अक्सर विजय के घर आता-जाता था। विजय को इस रिश्ते की भनक लग चुकी थी और वह इसका विरोध करता था।
पुलिस को शक है कि विजय की टोकाटाकी से तंग आकर कोमल और मोनू ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई। इसके तहत उन्होंने विजय की हत्या की और उसके शव को उसी मकान के फर्श के नीचे दबा दिया। बाद में उस पर नई टाइल्स लगाकर मामले को छिपाने की कोशिश की।
◾हत्या के बाद फरार हुए कोमल और मोनू
शव मिलने से पहले ही कोमल और मोनू दोनों फरार हो चुके थे। आशंका है कि उन्हें शक हो गया था कि विजय के भाई को कुछ भनक लग चुकी है और वह सच्चाई के करीब पहुंच रहा है। इसी डर से दोनों ने फरार होने का फैसला किया।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि कोमल और मोनू ने मिलकर विजय के बैंक खाते से अवैध तरीके से पैसे भी निकाले थे। अब पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है। इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग स्तब्ध हैं कि एक पत्नी और उसका प्रेमी इस हद तक भी जा सकते हैं।
फिलहाल पुलिस हत्या, साजिश, धोखाधड़ी और शव छुपाने के मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं।
Comments
Post a Comment