पालघर: जिले के कासा क्षेत्र में अपहरण की अफवाह निकली झूठी, पुलिस ने की पूरी जांच।

पालघर: जिले के कासा क्षेत्र में अपहरण की अफवाह निकली झूठी, पुलिस ने की पूरी जांच।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के मौजे सारणी, कासा क्षेत्र में एक काली रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में कुछ संदिग्ध लोगों के घूमने और स्कूल जाने वाले बच्चों को जबरदस्ती गाड़ी में बैठाने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। इस संदेश के बाद स्थानीय लोगों में डर और भ्रम की स्थिति बन गई।
सोशल मीडिया पर यह वायरल संदेश मिलने के तुरंत बाद पालघर पुलिस अधीक्षक ने संज्ञान लेते हुए कासा पुलिस स्टेशन, स्थानीय अपराध शाखा और सभी उपविभागीय पुलिस अधिकारियों को जांच करने के आदेश दिए। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की गई।
कासा पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी, पुलिस निरीक्षक अविनाश मांदळे ने एक टीम बनाकर तुरंत मौजे सारणी और निकटवर्ती निकावली गांव का दौरा किया। वहां स्थानीय सरपंच, पुलिस पाटील, ग्रामस्थों और अन्य नागरिकों के साथ बैठक कर स्थिति की जानकारी ली गई और शांति बनाए रखने का अनुरोध किया गया। साथ ही नागरिकों को चेताया गया कि कानून को अपने हाथ में न लें।
तकनीकी सहायता और स्थानीय खोज के माध्यम से पुलिस ने उस संदिग्ध काली स्कॉर्पियो का पता लगाया। गाड़ी का नंबर DD-03-AQ-0002 पाया गया। वाहन की जानकारी के अनुसार गाड़ी के मालिक का नाम चेतन रमेश पटेल (उम्र 38 वर्ष) है, जो वापी, गुजरात के चेलाडोंगर फल्या क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस टीम उनके घर पहुंची और गाड़ी सहित उनकी पहचान की पुष्टि की गई।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे 14 जुलाई को निकावली गांव स्थित सप्तशृंगी माता मंदिर में जरूरतमंदों को छाता, चप्पल, बिस्किट, स्कूल बैग आदि सामान वितरित करने आए थे। उन्होंने यह भी बताया कि वे हर साल 3-4 बार इसी प्रकार से मंदिर आकर सामाजिक सेवा करते हैं। मंदिर के पुजारी और स्थानीय ग्रामस्थों ने भी उनके दावे की पुष्टि की।
पालघर पुलिस ने वापी पुलिस से भी इस व्यक्ति और उनके परिवार के बारे में जानकारी प्राप्त की, जिसमें यह साफ़ हुआ कि उनके विरुद्ध कोई आपराधिक मामला या शिकायत दर्ज नहीं है।
पालघर पुलिस ने पूरी जांच के बाद स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई खबर पूरी तरह अफवाह थी और ऐसा कोई घटना वास्तव में नहीं घटी है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे बिना पुष्टि के अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।