पालघर: जिले में भाजपा ने निकाली जोरदार तिरंगा रैली, सेना के लिए उमड़ा जनसैलाब..!

पालघर: जिले में भाजपा ने निकाली जोरदार तिरंगा रैली, सेना के लिए उमड़ा जनसैलाब..!


अखिलेश चौबे
पालघर..!
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में आतंकवादियों द्वारा किए गए कायरतापूर्ण हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की निर्मम हत्या के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए उसकी सीमा में घुसकर कई आतंकी शिविरों और सैन्य ठिकानों को ध्वस्त कर दिया। इस साहसिक कार्रवाई के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से पालघर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें आम जनता ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह यात्रा पालकमंत्री गणेश नाईक की उपस्थिति में निकाली गई। इसमें सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक हरिश्चंद्र भोये, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत राजपूत सहित संजय पाटील, लक्ष्मीदेवी हजारी, विणा देशमुख, सुरेखा थेतले, पंकज कोरे, जगदीश राजपूत, सुशील औसरकर, महेंद्र भोणे, मिलिंद वडे, पुंडलिक भानुशाली, अशोक अंभुरे, भाविन कंसारा, प्रणय म्हात्रे, देवानंद शिंगाडे, तेजराज हजारी, गौरव धोडी, सुमित पिंपळे, सत्यप्रकाश सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता तथा नागरिक उपस्थित थे।
यात्रा का प्रारंभ भाजपा जिल्हा कार्यालय से हुआ और यह हुतात्मा चौक होते हुए तेजराज हजारी के कार्यालय तक पहुंची। पूरे मार्ग में देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देश के प्रति अपना प्रेम प्रदर्शित किया।
पालकमंत्री गणेश नाईक ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। कश्मीर की अर्थव्यवस्था भी उन्नति की ओर बढ़ रही थी, तभी पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने पहलगाम में नृशंस हत्याएं कीं। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब देकर यह संदेश दिया कि भारत अब चुप नहीं बैठेगा। उन्होंने कहा कि देश जब संकट में होता है, तो सम्पूर्ण राष्ट्र एकजुट होकर खड़ा होता है। यही भावना तिरंगा यात्रा के माध्यम से प्रदर्शित हुई।


सांसद डॉ. हेमंत सवरा ने बताया कि पाकिस्तान को सबक सिखाने के लिए जो सैन्य कार्रवाई की गई, उसे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया गया है। इस अभियान की पारदर्शिता और उद्देश्य को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष रखने के लिए अब सभी दलों के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल विदेश जाकर पाकिस्तान के आतंकवादी चरित्र को उजागर करेगा। यह कदम वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को और मजबूत करेगा।


भाजपा जिलाध्यक्ष भरत राजपूत ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि एक भावनात्मक आंदोलन है। जब देश पर संकट आता है, तब धर्म, जाति और क्षेत्रीय भेदभाव को त्याग कर देशवासियों को एकजुट होकर राष्ट्र के साथ खड़ा रहना चाहिए। यही एकता देश की सबसे बड़ी ताकत है।
इस तिरंगा यात्रा ने यह स्पष्ट किया कि भारतवासी अपने सुरक्षाबलों के साथ दृढ़ता से खड़े हैं और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में देश एकजुट है। यह आयोजन न केवल श्रद्धांजलि का प्रतीक बना, बल्कि राष्ट्रप्रेम की गूंज बनकर जनमानस के दिलों में उतर गया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

ईयरफोन लगाकर रेलवे फाटक पार कर रही थी छात्रा, ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत..!