पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!
अखिलेश चौबे 
पालघर..! जिले के तारापुर थाना क्षेत्र में एक युवक की लोखंडी रॉड से पीट-पीटकर की गई हत्या के मामले में स्थानीय अपराध शाखा, पालघर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधिसंघर्षित बालक को भी हिरासत में लिया गया है। यह कार्रवाई 15-16 मई 2025 के बीच हुई हत्या के सिलसिले में की गई है।
फिर्यादी राम कालीका सिंह (60 वर्ष), निवासी जिजाऊनगर, रिमझीम अपार्टमेंट, पास्थळ, मूल निवासी कोतवालपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश ने पुलिस को सूचित किया कि उनके बड़े बेटे अभिषेक राम सिंह (36 वर्ष) की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कर दी गई है। मृतक का शव 16 मई की सुबह आंबटगोड मैदान, पास्थळ में मिला। हत्या धारदार हथियार से सिर के पिछले हिस्से पर वार कर की गई थी। इस संबंध में तारापुर पुलिस थाने में 16 मई को भारतीय दंड संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक श्री बाळासाहेब पाटील ने अपराध शाखा और तारापुर पुलिस को अलग-अलग टीमों में विभाजित कर गहन जांच के निर्देश दिए। इन टीमों ने घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए, सीसीटीवी फुटेज की जांच की और स्थानीय मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर वसई-विरार, सूरत (गुजरात) और दरभंगा-पटना (बिहार) तक अपनी टीमें भेजकर जानकारी एकत्र की।
इस समन्वित प्रयास के बाद पुलिस ने सात संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी, भूषण सुरेश धोडी (19 वर्ष), केतन रमेश शिणवार (20 वर्ष), रोहित संजय कवळे (19 वर्ष), दिवेश संतोष सुतार (18 वर्ष 6 माह), विशाल नंदू सोमण (23 वर्ष), साहिल राजेंद्र पवार (18 वर्ष), विधिसंघर्षित बालक (16 वर्ष) इन सभी ने पूछताछ में बताया कि 15 मई की रात एक आरोपी के घर पर पार्टी के बाद वे सभी मोटरसाइकिल से बाहर घूमने निकले। इसी दौरान उन्होंने मृतक अभिषेक सिंह को आंबटगोड मैदान पर सोते देखा। आरोपियों ने उससे सवाल किया कि वह वहां क्यों सो रहा है, फिर उसे गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। मृतक जब वहां से भागने लगा तो उन्होंने उसका पीछा किया और फिर लोखंडी रॉड से सिर पर वार कर दिया जिससे वह वहीं गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि पुलिस इस हत्याकांड के पीछे कोई पुरानी रंजिश है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है।
इस पूरे ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देने में पालघर के पुलिस अधीक्षक बाळासाहेब पाटील, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे, बोईसर उपविभागीय अधिकारी विकास नाईक, स्थानीय अपराध शाखा के निरीक्षक प्रदीप पाटील, साथ ही सपोनि अनिल व्हटकर, सपोनि निवास कणसे, पोउनि स्वप्नील सावंतदेसाई, पोउनि रोहित खोत, पोउनि गोरखनाथ राठोड़ सहित कई अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा।
गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों को 20 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि विधिसंघर्षित बालक के मामले में जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच तारापुर पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक निवास कणसे के नेतृत्व में जारी है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!