भारतीय जनता पार्टी बोईसर मंडल द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई..!
भारतीय जनता पार्टी बोईसर मंडल द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई गई..!
अखिलेश चौबे
पालघर..! भारतीय संविधान के शिल्पकार, महान समाज सुधारक और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 134वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला के बोईसर शहर मंडल द्वारा एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन बोईसर स्थित भाजपा मंडल कार्यालय में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और गौरव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, उनके सामाजिक योगदान, तथा संविधान निर्माण में उनकी अतुलनीय भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बोईसर मंडल अध्यक्ष महेंद्र भोने ने अपने उद्बोधन में कहा, “बाबा साहेब केवल दलितों के ही नहीं, बल्कि पूरे भारतवर्ष के लिए प्रेरणा के स्तंभ हैं। उनका जीवन समर्पण, संघर्ष, शिक्षा और सामाजिक समानता का प्रतीक है। आज के युवाओं को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में समानता, न्याय और समरसता के लिए कार्य करना चाहिए।”
इस कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रशांत संखे, जिला सचिव सत्यप्रकाश सिंह, मंडल सरचिटणिस मनीष सिंह, युवा मोर्चा उपाध्यक्ष अमित संखे, व्यापार मंडल अध्यक्ष दुर्गेश सोलंकी, पदाधिकारी अंकुर राउळ, संजय पाटिल, वैशाली सादुलवाड, नितेश घरत सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने और एक समतामूलक समाज की स्थापना हेतु कार्य करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने विशेष रूप से शिक्षा, संविधान और सामाजिक समानता के क्षेत्र में डॉ. आंबेडकर के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में भाग लेकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था भाजपा बोईसर मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा कुशलतापूर्वक संपन्न की गई।
इस अवसर पर मंडल कार्यालय को सजाया गया था, और बाबा साहेब के जीवन से जुड़ी झांकियां एवं प्रेरक वाक्य भी प्रदर्शित किए गए, जो उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने।
Comments
Post a Comment