पालघर: डिजिटल ठगी मामले में बड़ी सफलता: पालघर पुलिस ने आठ आरोपियों को दबोचा, 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी का पर्दाफाश..!
पालघर: डिजिटल ठगी मामले में बड़ी सफलता: पालघर पुलिस ने आठ आरोपियों को दबोचा, 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी का पर्दाफाश..!
अखिलेश चौबे
पालघर..! जिले के हाई-टेक डिजिटल धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा हुआ है, जिसमें साइबर अपराधियों द्वारा एक नागरिक से लगभग 22 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में ठाणे की बोईसर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पालघर पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटील और साइबर पुलिस ठाणे की टीम की सूझबूझ और तत्परता का परिणाम है।
◾घटना का विवरण: यह धोखाधड़ी 28 दिसंबर 2024 से 30 जनवरी 2025 के बीच घटित हुई। फरियादी अनिलकुमार विष्णु आरस्कर ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें अज्ञात व्यक्तियों ने विदेशी नंबरों से कॉल कर सीबीआई अधिकारी बनकर डराया और कहा कि उनकी बेटी का नाम मनी लॉन्ड्रिंग केस में आया है। आरोपियों ने झूठे कानूनी झमेले से डराकर और उसकी बेटी को फंसाने की धमकी देकर फरियादी से 22,50,000 रुपये की ठगी कर ली।
फरियादी को कहा गया कि अगर वे सहयोग नहीं करेंगे तो उनकी बेटी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसे 5 साल की सजा हो सकती है। आरोपियों ने फरियादी को वीडियो कॉलिंग द्वारा डराया और अपने आपको CBI ऑफिसर बताया। फरियादी को अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया गया।
◾पुलिस की कार्यवाही: इस प्रकरण में पालघर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की गंभीरता को समझा और विभिन्न तकनीकी साधनों के जरिए आरोपियों को ट्रेस किया। मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 (सी) व 66 (डी) के तहत दर्ज किया गया।
पुलिस ने देश के विभिन्न हिस्सों से आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें महाराष्ट्र और गुजरात के निवासी शामिल हैं, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नागपुर से मोहम्मद कैफ रिजवान अहमद अंसारी (26 वर्ष), मोहम्मद फैज रिजवान अहमद अंसारी (25 वर्ष), मोहम्मद इब्राहिम रिजवान अहमद अंसारी (20 वर्ष) और गुणराज मटे (32 वर्ष) शामिल हैं। वहीं, गुजरात के अंकलेश्वर से झकरिया असरार इब्राहिम (25 वर्ष), शौकत मोहम्मद हनीफ शाह (29 वर्ष) और रिजवान सावित हनीफ मालिक (28 वर्ष) को पकड़ा गया है। इसके अलावा, बिहार के औरंगाबाद से सिराज खान (30 वर्ष) को भी गिरफ्तार किया गया है।
◾न्यायिक प्रक्रिया: गिरफ्तार किए गए सभी आठों आरोपियों को पालघर न्यायालय में 1 फरवरी 2025 को पेश किया गया और उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा गया। इन आरोपियों के तार अंतर्राष्ट्रीय गिरोह से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस जांच जारी है और अन्य कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
◾पुलिस का बयान: पालघर के पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटील और ठाणे साइबर सेल के निरीक्षक शिरीष पवार ने बताया कि यह मामला अंतर्राज्यीय और संभावित रूप से अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस ने तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों का पता लगाकर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।
Comments
Post a Comment