पालघर: जिले के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचेगी चलित स्वास्थ्य सेवा।लुपिन फाउंडेशन ने पालघर को चौथी चलित चिकित्सा वैन दी, छह लाख से अधिक नागरिकों को मिलेगा लाभ।

पालघर: जिले के दुर्गम क्षेत्रों में पहुंचेगी चलित स्वास्थ्य सेवा।
लुपिन फाउंडेशन ने पालघर को चौथी चलित चिकित्सा वैन दी, छह लाख से अधिक नागरिकों को मिलेगा लाभ।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले में और डहाणू तालुका के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए लुपिन लिमिटेड की सामाजिक दायित्व शाखा लुपिन मानव कल्याण एवं अनुसंधान फाउंडेशन ने महाराष्ट्र शासन के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से पालघर जिले को चौथी चलित चिकित्सा वैन उपलब्ध कराई है। इसके माध्यम से दोनों तालुकों के छह लाख से अधिक नागरिकों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, रोगों की प्रारंभिक पहचान, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।
चलित चिकित्सा वैन का लोकार्पण जिला परिषद पालघर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, लुपिन फाउंडेशन की सामाजिक दायित्व प्रमुख तुषारा शंकर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष चौधरी तथा तारापुर स्थित लुपिन के महाप्रबंधक राजेंद्र फिरके ने किया। इस अवसर पर जिला रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय ठाकरे और तलासरी तालुका स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीकांत कुलकर्णी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं लुपिन फाउंडेशन के अधिकारी उपस्थित रहे।
एलआईवीईएस कार्यक्रम के अंतर्गत यह पालघर जिले की चौथी चलित चिकित्सा वैन है। इससे पहले तीन वैन के माध्यम से पालघर–डहाणू, विक्रमगढ़–तलासरी तथा जव्हार–वाड़ा क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। नई वैन से ऐसे गांवों के नागरिकों को विशेष लाभ मिलेगा, जहां स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना कठिन है।
इस वैन के माध्यम से हृदय एवं रक्तवाहिका संबंधी रोग, दीर्घकालिक अवरोधक फेफड़ा रोग तथा अन्य असंक्रामक रोगों की प्रारंभिक पहचान और उपचार पर जोर दिया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर रोगियों को आगे के उपचार के लिए शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में भेजा जाएगा।
महाराष्ट्र और राजस्थान में संचालित एलआईवीईएस कार्यक्रम के तहत अब तक ६७३ गांवों के दो लाख ९७ हजार २८२ से अधिक नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। इसके अलावा १,२०० से अधिक नि:शुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित हुए हैं तथा एक लाख ३ हजार ९८४ से अधिक रोगियों को नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श दिया गया है।
कार्यक्रम में नचिकेत सुले, आनंद दलवी, अक्षय कुलकर्णी, अभिषेक कुमार, नाजिम पठान और कृष्णा बाजारे सहित डहाणू एवं तलासरी तालुका स्वास्थ्य अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के चिकित्सा अधिकारी तथा लुपिन फाउंडेशन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह चलित चिकित्सा सेवा पालघर और डहाणू के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने तथा नागरिकों को समय पर जांच एवं प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। 

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।