पालघर: जिले में गणेशोत्सव के लिए कड़ा पुलिस बंदोबस्त, १० हजार से अधिक निजी और १९५१ सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं की होगी स्थापना।
पालघर: जिले में गणेशोत्सव के लिए कड़ा पुलिस बंदोबस्त, १० हजार से अधिक निजी और १९५१ सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं की होगी स्थापना।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में १४ सितंबर से २५ सितंबर २०२६ तक श्रीगणेशोत्सव का पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। जिले में गणेशोत्सव तथा गौरी पूजन के मद्देनजर बड़ी संख्या में धार्मिक आयोजन होने वाले हैं। इस दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सुचारु बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पालघर पुलिस दल की ओर से व्यापक पुलिस बंदोबस्त की व्यवस्था की गई है।
पालघर जिले में इस वर्ष कुल १०,६१३ निजी गणेश प्रतिमाओं तथा १,९५१ सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं की स्थापना होने जा रही है। इसके साथ ही जिले में ६७७ निजी तथा १६७ सार्वजनिक गौरी पूजन भी आयोजित किए जाएंगे। बड़ी संख्या में होने वाले इन धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है।
गणेशोत्सव के दौरान जिले में किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पालघर पुलिस दल की ओर से व्यापक बंदोबस्त लगाया जाएगा। इसमें १ अपर पुलिस अधीक्षक, ८ पुलिस उप अधीक्षक, ६८ पुलिस अधिकारी, ५८४ पुलिस कर्मचारी, ५०० होमगार्ड तथा ६० यातायात कर्मचारी शामिल रहेंगे।
इसके अलावा आवश्यकता के अनुसार ८ स्ट्राइकिंग फोर्स, ३ दंगा नियंत्रण दल तथा राज्य आरक्षित पुलिस बल की १ टुकड़ी भी तैनात रहेगी। पुलिस प्रशासन द्वारा गणेशोत्सव के दौरान भीड़, यातायात तथा सार्वजनिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
श्रीगणेशोत्सव और गौरी पूजन के अवसर पर पालघर पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख ने पालघर जिला पुलिस दल की ओर से जिले के सभी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने नागरिकों से गणेशोत्सव और गौरी उत्सव को शांति, सुरक्षा तथा सामाजिक एकता बनाए रखते हुए मनाने का संदेश दिया है।
पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख ने नागरिकों से उत्सव के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन और पुलिस को सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से ध्वनि प्रदूषण को रोकने के लिए डीजे का उपयोग न करने तथा पारंपरिक वाद्ययंत्रों का उपयोग करने का आह्वान किया है।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से गणेशोत्सव के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करते हुए श्रद्धा और उत्साह के साथ पर्व मनाने तथा जिले में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।
Comments
Post a Comment