पालघर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुंबई-अहमदाबाद हाईवे से 30.79 लाख रुपये की प्रतिबंधित विदेशी शराब जब्त, गुजरात का चालक गिरफ्तार।
पालघर: पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुंबई-अहमदाबाद हाईवे से 30.79 लाख रुपये की प्रतिबंधित विदेशी शराब जब्त, गुजरात का चालक गिरफ्तार।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में अवैध धंधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के निर्देश पर स्थानीय अपराध शाखा, पालघर तथा तलासरी पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिबंधित विदेशी शराब की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक आयशर टेंपो से 30 लाख 79 हजार 480 रुपये मूल्य का प्रतिबंधित माल जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 6 अगस्त 2026 को सुबह लगभग 8:10 बजे तलासरी पुलिस थाना क्षेत्र में स्थानीय अपराध शाखा की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आयशर टेंपो क्रमांक GJ-03/AZ-8544 में दमन निर्मित प्रतिबंधित विदेशी शराब मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग के रास्ते महाराष्ट्र लाई जा रही है।
सूचना के आधार पर स्थानीय अपराध शाखा और तलासरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाल बिछाकर उक्त टेंपो को रोक लिया। तलाशी के दौरान वाहन में सीमेंट के ब्लॉक दिखाई दिए, लेकिन जब पुलिस ने उनकी आड़ में छिपाए गए हिस्से की जांच की तो वहां से 10 लाख 79 हजार 480 रुपये मूल्य की दमन निर्मित प्रतिबंधित विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ टेंपो सहित कुल 30 लाख 79 हजार 480 रुपये का माल जब्त कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने टेंपो चालक अवलाभाई काराभाई खोडीयातर (23 वर्ष), निवासी वडू फलियु, पोरबंदर, गुजरात को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध तलासरी पुलिस थाना में गुन्हा क्रमांक 232/2026 के तहत महाराष्ट्र दारूबंदी अधिनियम की धारा 65(ई) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे की जांच श्रेणी पुलिस उपनिरीक्षक बबन गावित कर रहे हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा डहाणू विभाग की उपविभागीय पुलिस अधिकारी निशा जाधव के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में स्थानीय अपराध शाखा, पालघर के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटील, जिला विशेष शाखा, पालघर एवं अतिरिक्त प्रभार तलासरी पुलिस थाना के प्रभारी अधिकारी संदीप गिते, पुलिस कांस्टेबल राहुल क्षत्रिय, विशाल लोहार, पुलिस उपनिरीक्षक योगिता गुजर, पुलिस हवलदार अनिल सोनवणे, पुलिस शिपाई इंद्रभान लंबे तथा योगेश सहित तलासरी पुलिस थाना एवं स्थानीय अपराध शाखा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पालघर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Comments
Post a Comment