पालघर: जनविकास ग्रामीण बिगरशेती सहकारी पतसंस्था का रजत जयंती समारोह संपन्न।25 वर्षों की सफल यात्रा पर स्मरणिका का विमोचन; संस्था ने आर्थिक गतिविधियों के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी निभाई जिम्मेदारी।
पालघर: जनविकास ग्रामीण बिगरशेती सहकारी पतसंस्था का रजत जयंती समारोह संपन्न।
25 वर्षों की सफल यात्रा पर स्मरणिका का विमोचन; संस्था ने आर्थिक गतिविधियों के साथ सामाजिक क्षेत्र में भी निभाई जिम्मेदारी।
अखिलेश चौबे
पालघर। जनविकास ग्रामीण बिगरशेती सहकारी पतसंस्था लिमिटेड, केळवे का रजत जयंती समारोह रविवार, 16 अगस्त 2026 को केळवे स्थित शितलाई मंगलधाम सभागृह में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। संस्था के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर विशेष स्मरणिका का प्रकाशन भी किया गया। पर्यावरण दक्षता समिति के अध्यक्ष हिरेन पाटील के प्रमुख आतिथ्य में स्मरणिका का विमोचन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष सूर्यकांत घरत ने कहा कि दिसंबर 2000 से कार्यरत जनविकास ग्रामीण बिगरशेती सहकारी पतसंस्था की 25 वर्षों की सफल यात्रा सभासदों, शेयरधारकों, कर्जदारों तथा हितचिंतकों के विश्वास और निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्था से जुड़े सभी लोगों के सहयोग और विश्वास के कारण ही संस्था आज प्रगति की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकी है। उन्होंने संस्था की विकास यात्रा में योगदान देने वाले सभी सभासदों, शेयरधारकों, कर्जदारों एवं हितचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्था की कार्यप्रणाली और आर्थिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि केळवे, पालघर, माहिम और सफाले क्षेत्र में संस्था से जुड़े अनेक कर्जदार एवं शेयरधारक हैं। संस्था द्वारा उद्योग एवं व्यवसाय शुरू करने, वर्तमान व्यवसाय का विस्तार करने तथा विभिन्न आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए समय-समय पर सरल प्रक्रिया और कम दस्तावेजों के माध्यम से कर्ज सुविधा उपलब्ध कराई जाती रही है। इससे क्षेत्र के अनेक छोटे एवं मध्यम व्यवसायों को आर्थिक आधार मिला है।
विशेष रूप से केळवे समुद्र तट परिसर में होटल व्यवसाय से जुड़े व्यवसायियों को संस्था द्वारा आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया गया। इस आर्थिक सहयोग के माध्यम से होटल व्यवसायियों को अपने व्यवसाय के विस्तार में सहायता मिली। इसके लिए प्रफुल्ल पाटील ने संस्था का विशेष आभार व्यक्त करते हुए संस्था द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आर्थिक सहायता की सराहना की।
रजत जयंती वर्ष के अवसर पर संस्था ने केवल आर्थिक क्षेत्र तक अपनी गतिविधियों को सीमित नहीं रखा, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व का भी निर्वहन किया। संस्था की ओर से विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इसके साथ ही शैक्षणिक संस्थाओं को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई तथा विद्यार्थियों को आवश्यक सहायता प्रदान की गई। जरूरतमंद एवं होनहार परिवारों को आर्थिक सहयोग देकर उन्हें शिक्षा, रोजगार तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
समारोह में संस्था के उपाध्यक्ष हर्षद सावे, संचालक विकास सावे, मुकेश पाटील, मेहबूब शेख, नागेश भंडार, स्वाती पाटील, पूर्व संचालक संतोष जाधव, अमेय पेडणेकर सहित संस्था के शेयरधारक, ठेवीदार, कर्जदार एवं बड़ी संख्या में सभासद उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों एवं अतिथियों ने संस्था की 25 वर्षों की कार्ययात्रा और सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में किए गए योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम का सफल सूत्र संचालन प्रसिद्ध शिक्षिका अमृता सावे ने किया। समारोह के अंत में संस्था के सचिव राजेश कासट ने उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों, शेयरधारकों, ठेवीदारों एवं कर्जदारों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही जनविकास ग्रामीण बिगरशेती सहकारी पतसंस्था के रजत जयंती समारोह का विधिवत समापन हुआ।
Comments
Post a Comment