पालघर: 15 अगस्त को जनता के लिए खुलेगा दाभोसा स्काई वॉक पुल, उद्घाटन से पहले प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता।

पालघर: 15 अगस्त को जनता के लिए खुलेगा दाभोसा स्काई वॉक पुल, उद्घाटन से पहले प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध, सुरक्षा व्यवस्था रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दाभोसा जलप्रपात स्थित बहुप्रतीक्षित स्काई वॉक पुल का लोकार्पण 15 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इसके पूर्व सभी सुरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए पालघर जिले के पालकमंत्री गणेश नाईक की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि आधिकारिक उद्घाटन से पहले किसी भी व्यक्ति को स्काई वॉक पर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बैठक में पालकमंत्री गणेश नाईक ने कहा कि किसी भी दुर्घटना की प्रतीक्षा किए बिना सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल लागू किए जाएं। उन्होंने पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पार्किंग, लेन मार्किंग, भीड़ प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का कार्य 15 अगस्त से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लोकार्पण समारोह को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही वन विभाग को पर्यटन स्थल पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता अनुसार वनरक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
सार्वजनिक निर्माण विभाग (जव्हार) को पर्यटकों की सुरक्षा एवं सभी तकनीकी मानकों की अंतिम जांच के बाद 15 अगस्त 2026 को स्काई वॉक पुल के उद्घाटन का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही स्काई वॉक पर एक समय में कितने पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा, उनके ठहरने की समय-सीमा तथा प्रवेश शुल्क निर्धारित करने के लिए भी विस्तृत योजना तैयार करने को कहा गया है।
बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोगों ने आधिकारिक उद्घाटन से पहले ही स्काई वॉक पर प्रवेश किया था। इस पर जिल्हाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि उद्घाटन से पहले किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाए। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता को जिम्मेदारी तय कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पालकमंत्री गणेश नाईक, पालघर लोकसभा सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विक्रमगढ़ विधानसभा सदस्य हरिश्चंद्र भोये, जिल्हाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, उपवनसंरक्षक (जव्हार), आदिवासी विकास परियोजना अधिकारी, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षक अभियंता एवं कार्यकारी अभियंता तथा जिला नियोजन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का मानना है कि सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों और आधारभूत सुविधाओं को समय पर पूरा कर दाभोसा स्काई वॉक पुल को पर्यटकों के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।