पालघर: जिले के समग्र विकास पर जोर, दापचरी में बनेगा अंतरराष्ट्रीय कृषि निर्यात केंद्र, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार।

पालघर: जिले के समग्र विकास पर जोर, दापचरी में बनेगा अंतरराष्ट्रीय कृषि निर्यात केंद्र, स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार।

अखिलेश चौबे 
पालघर। महाराष्ट्र के वन मंत्री एवं पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के माध्यम से संतुलित एवं सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय स्थित लोकशाहीर आत्माराम पाटील नियोजन समिति सभागार में आयोजित जिला नियोजन समिति (डीपीडीसी) की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए।
बैठक में सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक एडवोकेट निरंजन डावखरे, विधायक ज्ञानेश्वर म्हात्रे, विधायक रवींद्र फाटक, विधायक राजेंद्र गावित, विधायक शांताराम मोरे, विधायक विलास तरे, विधायक विनोद निकोले, विधायक हरिश्चंद्र भोये, विधायक स्नेहा दुबे पंडित, विधायक राजन नाईक, जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़, वसई-विरार महानगरपालिका के आयुक्त पृथ्वीराज बी. पी., जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे तथा जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख सहित जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि दहानू तहसील के दापचरी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का एग्रो एक्सपोर्ट हब (अंतरराष्ट्रीय कृषि निर्यात केंद्र) स्थापित किया जाएगा। यह परियोजना राज्य के कृषि उत्पादों के निर्यात के लिए एक प्रमुख लॉजिस्टिक केंद्र बनेगी। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में पालघर के स्थानीय भूमिपुत्रों को रोजगार में प्राथमिकता देने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए आदिवासी घटक कार्यक्रम, सामान्य एवं विशेष घटक योजना के अंतर्गत 859.38 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। पालक मंत्री गणेश नाईक ने निर्देश दिए कि प्रत्येक तहसील की जनसंख्या, स्थानीय आवश्यकताओं और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए निधि का समान रूप से वितरण किया जाए। साथ ही वर्ष 2025-26 की शेष राशि का मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले के सभी शेष राजस्व गांवों, वाड़ियों और पाड़ों में इस वित्तीय वर्ष के दौरान प्राथमिकता के आधार पर श्मशान भूमि विकसित की जाएगी। इसके साथ ही 'विकसित महाराष्ट्र-2030' के अंतर्गत स्वास्थ्य, खेल, पर्यटन, ऊर्जा तथा आदिवासी क्षेत्रों में सड़क संपर्क से वंचित गांवों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
पालक मंत्री गणेश नाईक ने बताया कि पालघर में आद्यक्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा तथा भारतरत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के भव्य स्मारकों के निर्माण के लिए जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में भूमि चिन्हित कर ली गई है और इसका विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र ही राज्य सरकार को भेजा जाएगा। इसके अलावा पालघर शहर के ऐतिहासिक श्रीराम मंदिर को सर्वसम्मति से 'क' श्रेणी के तीर्थस्थल का दर्जा प्रदान किया गया है।
बैठक के दौरान जव्हार तहसील के विनवळ स्थित शासकीय आश्रमशाला में बनने वाले बहुउद्देशीय सभागार का आभासी माध्यम से भूमिपूजन किया गया। साथ ही पेसा क्षेत्र के 26 पात्र अभ्यर्थियों को शिक्षणसेवक पद के नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। राष्ट्रीय बांस मिशन एवं अटल बांस समृद्धि योजना के अंतर्गत जिले के 31 बांस उत्पादक किसानों को बांस के पौधे तथा अनुदान स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर 'बांस से समृद्धि की ओर' विषयक विशेष पुस्तक का भी लोकार्पण किया गया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।