पालघर: व्हाट्सएप पर फर्जी संदेशों से रहें सावधान, मतदाता किसी भी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करें: चुनाव प्रशासन।

पालघर: व्हाट्सएप पर फर्जी संदेशों से रहें सावधान, मतदाता किसी भी प्रकार की निजी जानकारी साझा न करें: चुनाव प्रशासन।

अखिलेश चौबे 
पालघर। मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों को व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी संदेश भेजकर धोखाधड़ी करने का प्रयास किए जाने के मामले सामने आए हैं। इन संदेशों में मतदाता पंजीकरण के लिए जमा किए गए दस्तावेजों की जांच का दावा करते हुए नागरिकों से एक विशेष मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा जा रहा है। इस पर चुनाव प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और ऐसे भ्रामक संदेशों से बचने की अपील की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे किसी भी फर्जी या भ्रामक संदेश का जवाब न दें और उसमें दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने से बचें। साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, ओटीपी अथवा अन्य व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी साझा न करें तथा किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत निर्वाचन आयोग अपनी किसी भी सेवा के लिए कोई शुल्क नहीं लेता है।
मतदाताओं से अपील की गई है कि वे केवल मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी (बीएलओ), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) तथा निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों पर ही विश्वास करें। इसके अलावा केवल भारत निर्वाचन आयोग तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत सोशल मीडिया मंचों पर उपलब्ध जानकारी को ही प्रमाणिक मानें।
यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की शंका या समस्या हो तो वह 1950 मतदाता हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकता है अथवा अपने निकटतम निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय में जाकर जानकारी प्राप्त कर सकता है। जिला स्तरीय मतदाता सहायता केंद्रों की जानकारी भी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
चुनाव प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अफवाहों और फर्जी संदेशों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि केवल अधिकृत माध्यमों से ही करें, ताकि साइबर ठगी और धोखाधड़ी से बचा जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।