पालघर: 'एक कर्मचारी–एक वृक्ष' अभियान का शुभारंभ, हर अधिकारी और कर्मचारी करेगा कम से कम एक पौधे का रोपण एवं संरक्षण।
पालघर: 'एक कर्मचारी–एक वृक्ष' अभियान का शुभारंभ, हर अधिकारी और कर्मचारी करेगा कम से कम एक पौधे का रोपण एवं संरक्षण।
अखिलेश चौबे
पालघर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने और सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पालघर जिला परिषद में कृषि दिवस के अवसर पर बुधवार को 'एक कर्मचारी–एक वृक्ष' अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभिनव पहल के तहत जिले का प्रत्येक सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी कम से कम एक स्थानीय प्रजाति का वृक्ष लगाकर उसके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी निभाएगा।
यह अभियान जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी डॉ. इंदू राणी जाखड तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे के मार्गदर्शन में जिला कलेक्टर कार्यालय एवं जिला परिषद पालघर के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। अभियान 1 जुलाई (कृषि दिवस) से 1 अगस्त (पालघर जिला स्थापना दिवस) तक चलाया जाएगा। इस अवधि में जिले के सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारी अपने नाम से कम से कम एक स्थानीय वृक्ष का रोपण कर उसके नियमित संरक्षण एवं देखभाल का संकल्प लेंगे।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर जिला परिषद परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, उप मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक पाटील, महिला एवं बाल विकास अधिकारी व्यंकटराव हुंडेकर, कृषि विकास अधिकारी सोमनाथ पिंजारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में बताया गया कि पालघर जिले के विद्यार्थियों ने इससे पहले 'सीडबॉल' अभियान के अंतर्गत 24 लाख 62 हजार 509 सीडबॉल तैयार कर पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया था। इसी जनभागीदारी को और अधिक व्यापक बनाने के उद्देश्य से अब 'एक कर्मचारी–एक वृक्ष' अभियान शुरू किया गया है।
इस अभियान की संकल्पना जिला परिषद के शिक्षक दीपक देसले ने प्रस्तुत की थी। उनकी इस पहल पर सकारात्मक विचार करते हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने इसे पूरे जिले में लागू करने का निर्णय लिया।
अभियान के तहत प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपने नाम से केसर आम, बाहडोली जामुन, बहावा, गुलमोहर, नीम, करंज, बरगद, पीपल, सीताफल अथवा उंबर जैसी स्थानीय जैव विविधता के लिए उपयुक्त वृक्ष प्रजातियों में से कम से कम एक पौधा लगाएगा। इसके साथ ही पौधे के संरक्षण, नियमित देखभाल और संवर्धन की जिम्मेदारी भी संबंधित कर्मचारी स्वयं निभाएगा।
अभियान को प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक पौधे का विवरण 'अमृतवृक्ष' मोबाइल ऐप पर जियो-टैगिंग के साथ फोटो अपलोड कर दर्ज किया जाएगा। इससे लगाए गए प्रत्येक पौधे की वृद्धि और उसकी देखभाल की नियमित निगरानी की जा सकेगी।
जिला प्रशासन ने बताया कि अभियान के अंत में सभी विभागों का मूल्यांकन किया जाएगा। जिस विअभाग द्वारा लगाए गए पौधों का सर्वाधिक सफलतापूर्वक संरक्षण किया जाएगा, उसे सम्मान-पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने कहा कि "'एक कर्मचारी–एक वृक्ष, हरित पालघर–समृद्ध पालघर' की अवधारणा के माध्यम से प्रत्येक सरकारी कर्मचारी को पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक वृक्ष लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प निभाए, तो जनसहभागिता के माध्यम से पालघर जिले को अधिक हरित, पर्यावरण-अनुकूल और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।"
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और पौधारोपण को केवल औपचारिकता न मानते हुए उसके दीर्घकालीन संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। इस पहल से जिले में हरित क्षेत्र का विस्तार होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
Comments
Post a Comment