पालघर: हरिदया फाउंडेशन ने वंजारवाडा जिला परिषद विद्यालय के 100 विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री।
पालघर: हरिदया फाउंडेशन ने वंजारवाडा जिला परिषद विद्यालय के 100 विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री।
अखिलेश चौबे
पालघर। डॉक्टर्स डे के अवसर पर सामाजिक संस्था हरिदया फाउंडेशन (पंजीकृत) की ओर से बुधवार को जिला परिषद विद्यालय, वंजारवाडा, बोईसर में सेवा एवं जनकल्याण का प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के कक्षा पहली से पांचवीं तक के 100 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को नोटबुक, पेंसिल, शार्पनर, रबर, ड्राइंग बुक तथा क्रेयॉन कलर्स वितरित किए गए। बच्चों ने इस पहल का उत्साहपूर्वक स्वागत किया, जबकि विद्यालय प्रशासन एवं अभिभावकों ने हरिदया फाउंडेशन के इस सामाजिक प्रयास की सराहना की।
इस अवसर पर हरिदया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश हरिनाथ यादव ने समाजहित में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए एकल महिलाओं तथा उनके परिवार के सदस्यों को आजीवन निःशुल्क औषध उपचार उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना फाउंडेशन का प्रमुख उद्देश्य है और संस्था भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य निरंतर करती रहेगी।
कार्यक्रम में बोईसर पूर्व के वरिष्ठ नागरिक दिलीप पाटील, जगदीश यादव, कुसुम पाटिल तथा दशरथ संखे के करकमलों द्वारा विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। सभी अतिथियों ने बच्चों को मन लगाकर अध्ययन करने तथा जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के प्रधानाध्यापक जितेंद्र वड़े तथा हरिदया फाउंडेशन के सदस्य विजय पाटिल, रविंद्र यादव, मुकेश, शिवाजी और रामयश ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सहयोग और समर्पण से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे दो महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण बना। विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ जरूरतमंद परिवारों के लिए आजीवन निःशुल्क औषध उपचार की घोषणा ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना दिया।
Comments
Post a Comment