पालघर: हेस वेल्फेअर फाउंडेशन ने उठाई आवाज: रमेश चौधरी के साथ अन्याय, बोईसर MIDC में नौकरी से निकाला, सुपरवाइजर पर अपमान का आरोप।

पालघर: हेस वेल्फेअर फाउंडेशन ने उठाई आवाज: रमेश चौधरी के साथ अन्याय, बोईसर MIDC में नौकरी से निकाला, सुपरवाइजर पर अपमान का आरोप।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर MIDC क्षेत्र स्थित प्लॉट क्रमांक E-133 की एक कंपनी में कार्यरत मजदूर के साथ कथित अन्याय और अपमानजनक व्यवहार का मामला सामने आया है। इस प्रकरण को लेकर सामाजिक संस्था हेस वेल्फेअर फाउंडेशन ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मजदूर रमेश चौधरी जो पिछले लगभग 6 महीनों से उक्त कंपनी में मेंटेनेंस फिटर के पद पर कार्यरत थे, को दिनांक 06 जून 2026 को बिना किसी लिखित नोटिस, जांच या स्पष्ट कारण के नौकरी से निकाल दिया गया।
बताया जा रहा है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद रमेश चौधरी ने 14 जून 2026 को कंपनी के सुपरवाइजर सदाब अंसारी से फोन पर संपर्क कर दोबारा काम पर लौटने के संबंध में जानकारी ली। आरोप है कि इस दौरान सुपरवाइजर ने उनसे अपमानजनक तरीके से बात करते हुए कहा कि “तुम अपनी बीवी को साथ लेकर आओ।”
मजदूर रमेश चौधरी के अनुसार, उनके रोजगार से संबंधित मामले में उनकी पत्नी का कोई संबंध नहीं है, ऐसे में इस प्रकार की टिप्पणी न केवल अनुचित है बल्कि उनके और उनके परिवार के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाली है। इस घटना के कारण उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हेस वेल्फेअर फाउंडेशन, पालघर जिला अध्यक्ष अमर रवींद्र सावंत ने बोईसर पुलिस स्टेशन एवं पालघर पुलिस अधीक्षक को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
फाउंडेशन द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि मजदूर को बिना किसी प्रक्रिया के नौकरी से निकालना श्रम कानूनों का उल्लंघन है और काम पर वापस आने की बात करने पर अपमानजनक भाषा का उपयोग करना अत्यंत गंभीर मामला है।
फाउंडेशन ने अपनी मांगों में कहा है कि पीड़ित मजदूर रमेश चौधरी को शीघ्र न्याय दिलाया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही, घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। संस्था ने यह भी स्पष्ट किया है कि मजदूरों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अलावा भविष्य में किसी भी मजदूर के साथ इस प्रकार की घटना दोबारा न हो, इसके लिए संबंधित कंपनी प्रबंधन से लिखित आश्वासन लेने की मांग भी की गई है।
फाउंडेशन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मजदूरों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।