पालघर: डॉ. प्रवीण वैश्य ने संभाली रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की कमानराम नारायण गोयल ने सेवा कार्यों की विरासत सौंपते हुए नए नेतृत्व को दी जिम्मेदारी।

पालघर: डॉ. प्रवीण वैश्य ने संभाली रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की कमान
राम नारायण गोयल ने सेवा कार्यों की विरासत सौंपते हुए नए नेतृत्व को दी जिम्मेदारी।

अखिलेश चौबे 
पालघर। रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर के वर्ष 2026-27 के लिए नियुक्त रीगल प्रेसिडेंट रोटेरियन डॉ. प्रवीण वैश्य की ताजपोशी एवं उनकी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स टीम के शपथग्रहण का भव्य समारोह शनिवार शाम बोईसर स्थित टीमा ऑडिटोरियम में हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3141 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन राजन दुआ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा डिस्ट्रिक्ट पदाधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में रोटेरियन परिवार के सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम में वर्ष 2025-26 के इंस्पायर प्रेसिडेंट रोटेरियन राम नारायण गोयल ने अपने कार्यकाल का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए लगभग 50 जनोपयोगी एवं सेवा परियोजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने भगेरिया इंडस्ट्रीज लिमिटेड तथा मोहिनी ऑर्गेनिक्स प्राइवेट लिमिटेड, तारापुर के सीएसआर सहयोग का उल्लेख करते हुए बताया कि इन संस्थाओं के सहयोग से कई सामाजिक परियोजनाओं को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
अपने संबोधन में राम नारायण गोयल ने वरिष्ठ रोटेरियनों, पास्ट प्रेसिडेंट्स एवं क्लब सदस्यों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्लब सेक्रेटरी शैलेश अग्रवाल तथा पास्ट प्रेसिडेंट विनायक पदमवार के मार्गदर्शन को क्लब की सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम का संचालन शैलेश अग्रवाल ने सुव्यवस्थित ढंग से किया।

राम नारायण गोयल ने अपनी टीम के प्रोजेक्ट डायरेक्टर्स एवं सहयोगियों—डॉ. पराग कुलकर्णी, संदीप राऊत, रमेश मित्तल, अश्विनी सामंत, जगदीश भूते, राकेश मिश्रा, चंद्रकांत कोठावदे, राकेश आचार्य, कमलेश हमबीरे, डॉ. सोनम खांडेजोड़, स्मिता जाधव, संध्या शहापुरे एवं डॉ. रत्ना सिंह—का विशेष आभार व्यक्त किया।
रोटरी इंटरनेशनल की परंपरा के अनुसार डिस्ट्रिक्ट गवर्नर राजन दुआ ने राम नारायण गोयल को सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए क्लब का चार्टर नव नियुक्त प्रेसिडेंट डॉ. प्रवीण वैश्य को सौंपा। इस दौरान राम नारायण गोयल को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया और उनके कार्यकाल की सराहना की गई।
नव नियुक्त प्रेसिडेंट डॉ. प्रवीण वैश्य ने अपने संबोधन में आगामी वर्ष के लिए कई महत्वपूर्ण सामाजिक परियोजनाओं की घोषणा की। इनमें बर्न हॉस्पिटल की स्थापना, टीबी एवं कैंसर उन्मूलन अभियान, वृक्षारोपण, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग एवं उपचार तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संदीप राऊत एवं स्मिता जाधव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में स्नेहभोज के साथ समारोह का समापन हुआ।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।