पालघर: डॉक्टर्स डे पर रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर, टीमा और एमपीए द्वारा मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन, नागरिकों से रक्तदान की अपील।
पालघर: डॉक्टर्स डे पर रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर, टीमा और एमपीए द्वारा मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन, नागरिकों से रक्तदान की अपील।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक शहर बोईसर में 1 जुलाई को डॉक्टर्स डे के अवसर पर एक विशाल मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रक्त की कमी के कारण जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह शिविर रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर, तारापुर मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (टीमा) तथा पालघर तालुका मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन (एमपीए) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
आयोजकों के अनुसार यह मेगा रक्तदान शिविर बुधवार, 1 जुलाई को एमआईडीसी तारापुर स्थित टीमा हॉल में आयोजित किया जाएगा। शिविर का संचालन महाराष्ट्र ब्लड सेंटर, पालघर के सहयोग से प्रातः 9 बजे से सायं 4 बजे तक किया जाएगा। बड़ी संख्या में उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों एवं नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
इस महत्वपूर्ण जनसेवा अभियान का आयोजन टीमा के अध्यक्ष डी. के. राउत, एमपीए के अध्यक्ष डॉ. विकास पाटिल तथा रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। आयोजन समिति का मानना है कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और इससे अनेक मरीजों को नया जीवन मिल सकता है।
रक्तदान शिविर की इस महत्वपूर्ण परियोजना के सूत्रधार क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. पराग कुलकर्णी हैं। वहीं परियोजना प्रभारी के रूप में इंस्पायर पास्ट प्रेसिडेंट रोटेरियन राम नारायण गोयल तथा रोटेरियन डॉ. राकेश आचार्य शिविर को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए परियोजना समन्वयक के रूप में रोटेरियन अनिल जगदाले, पास्ट प्रेसिडेंट विनायक पदमवार, रोटेरियन मुकेश भाटिया एवं रोटेरियन संतोष बंग महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वहीं क्लब सचिव रोटेरियन रेखेश जैन पूरी टीम के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
डॉ. पराग कुलकर्णी एवं डॉ. प्रवीण वैश्य ने औद्योगिक क्षेत्र की सभी इकाइयों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों, नागरिकों तथा विशेष रूप से युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान ही अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
आयोजकों ने कहा कि प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, ताकि किसी भी मरीज की जान केवल रक्त की कमी के कारण खतरे में न पड़े। उन्होंने सभी नागरिकों से इस महायज्ञ में सहभागी बनकर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपना अमूल्य योगदान देने का आग्रह किया है।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर आयोजित होने वाला यह मेगा रक्तदान शिविर न केवल रक्त की आवश्यकता को पूरा करने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि समाज में मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी मजबूत करेगा।
Comments
Post a Comment